Kangana Ranaut Epic Reaction On Karan Johar: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर अपनी फिल्मों के लिये खूब चर्चा में रहते हैं। कुछ ही दिनों पहले करण जौहर (Karan Johar) की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इन सबसे इतर करण जौहर हाल ही में कंगना रनौत (Kangana Ranaut) पर दिये बयान के कारण चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, उन्होंने कंगना रनौत की अपकमिंग मूवी 'इमरजेंसी' के लिए एक्साइटमेंट जाहिर की। ऐसे में सबको लगने लगा कि करण जौहर और कंगना रनौत के बीच दरार कम होने लगी है। करण जौहर की इन बातों पर अब कंगना रनौत का रिएक्शन आया है।
कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने ट्वीट कर बताया कि उन्हें अब डर लगने लगा है। कंगना रनौत ने 'मणिकर्णिका' का जिक्र करते हुए ट्वीट किया और बताया कि करण जौहर इसी तरह उनकी 'मणिकर्णिका' मूवी देखने के लिए भी खूब एक्साइटेड थे। कंगना रनौत ने इस सिलसिले में कहा, "आखिरी बार जब इन्होंने कहा था कि ये मेरी 'मणिकर्णिका' देखने के लिए एक्साइटेड हैं तो उसकी रिलीज वाले वीकेंड पर ही मेरे खिलाफ सबसे खराब कैंपेन शुरू किया गया था। मेरी मूवी के सभी लीड कलाकारों को मेरे ऊपर ही कीचड़ उछालने और फिल्म के खिलाफ जाने के लिए पैसे दिये गए थे। अचानक ही मेरा सबसे सफल वीकेंड मेरे लिए बुरा सपना बनकर रह गया था।"
कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने करण जौहर की बातों पर रिएक्शन देते हुए आगे लिखा, "अब मुझे डर लगने लगा है। क्योंकि वह एक बार फिर से एक्साइटेड हैं।" बता दें कि कंगना रनौत जल्द ही 'इमरजेंसी' मूवी में नजर आएंगी, जिसमें वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका अदा करती नजर आएंगी।
