Hema Malini To Organize Dharmendra Prayer Meet At Delhi: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर धर्मेंद्र ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। धर्मेंद्र ने अपनी फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर तो धूम मचाया ही था, साथ ही अपनी सादगी और दरियादिली से लोगों का खूब दिल जीता था। धर्मेंद्र ने बीते 24 नवंबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन ने फैंस को झकझोरकर रख दिया था। वहीं परिवार भी धर्मेंद्र को रोज याद करते नजर आता है। बीते दिन धर्मेंद्र (Dharmendra) की बर्थ एनिवर्सरी थी और इस मौके पर हेमा मालिनी से लेकर सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और अभय देओल सहित परिवार के सभी लोगों ने उन्हें खूब याद किया। वहीं अब खबर आ रही है कि धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा दिल्ली में भी आयोजित होने वाली है।
फोटो क्रेडिट- हेमा मालिनी इंस्टाग्राम
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, हेमा मालिनी अपने पति धर्मेंद्र (Dharmendra) की प्रार्थना सभा दिल्ली में आयोजित करेंगी। उनके साथ-साथ इस प्रार्थना सभा में ईशा देओल, आहाना देओल, भरत तख्तानी और वैभव वोहरा भी शामिल होंगे। खबर की मानें तो प्रार्थना सभा 11 दिसंबर को शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच डॉक्टर अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में रखी जाएगी, जो कि दिल्ली के जनपथ में स्थित है। इस प्रार्थना सभा में कई राजनेताओं के आने की भी उम्मीद लगाई जा रही है। बता दें कि हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के निधन के बाद अपने घर पर गीता का पाठ और भजन कराया था। वहीं दूसरी ओर उनके बेटों सनी देओल और बॉबी देओल ने भी मुंबई में प्रार्थना सभा का आयोजन किया था।
जल्द ही बड़े पर्दे पर दस्तक देगी धर्मेंद्र की फिल्म
धर्मेंद्र (Dharmendra) की आखिरी फिल्म 'इक्कीस' बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। उनके साथ इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और एक्टर जयदीप अहलावत मुख्य भूमिका में दिकाई देंगे। 'इक्कीस' आने वाली 25 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। बता दें कि 'बिग बॉस 19' के फिनाले में धर्मेंद्र को याद कर सलमान खान भी भावुक हो गए। वह उनके बारे में बात करे हुए अपने आंसू नहीं रोक पाए।
