बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में उनकी फिल्म आवारापन 2 रिलीज हुई थी, जिसे लोगों ने खूब प्यार दिया। अब इमरान हाशमी फिल्म 'गनमास्टर जी9' में नजर आएंगे। इस बीच एक्टर की आने वाली फिल्म 'गनमास्टर जी9' की शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। फिल्म के एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ranabaali: जीरो कट के साथ पास हुई विजय-रश्मिका की फिल्म, सेंसर बोर्ड ने दिखाई हरी झंडी)
शूटिंग के दौरान कैसे हुआ हादसा?
फिल्म के एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है, जिसमें क्रेन से लटकी एक एसयूवी हवा में पलटकर नीचे खड़ी वैन पर गिर जाती है। बताया जा रहा है कि इस दौरान कार इमरान हाशमी के बेहद करीब थी। वीडियो सामने आने के बाद शूटिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के क्लाइमैक्स की शूटिंग के दौरान यह स्टंट किया जा रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक एसयूवी को क्रेन की मदद से हवा में उठाया गया था। इसके बाद गिनती शुरू होती है और कार अचानक हवा में पलट जाती है। कुछ ही देर में वह नीचे खड़ी काली वैन की छत पर गिर जाती है। इस क्लिप पर लोग जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह घटना पहले से तय स्टंट का हिस्सा थी या शूटिंग के दौरान कुछ गड़बड़ हुई थी।
पहले भी विवादों में आई थी फिल्म की शूटिंग
'गनमास्टर जी9' की शूटिंग के दौरान यह पहली बार नहीं है, जब परेशानी सामने आई हो। इससे पहले जून में हरिद्वार में फिल्म की शूटिंग के दौरान भी विवाद हुआ था। वहां फिल्म के एक सीन के लिए 'बार एंड कैफे' का बोर्ड लगाया गया था। इसे देखकर कुछ स्थानीय लोगों को लगा कि पवित्र शहर में असली बार खोला जा रहा है। इसके बाद लोगों ने शूटिंग का विरोध किया था। बताते चलें कि आदित्य दत्त के निर्देशन में बन रही 'गनमास्टर जी9' एक एक्शन और रोमांस से भरपूर फिल्म है। इसमें इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह भी नजर आएंगे। फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
