Ranbir Kapoor in Baiju Bawra: मशहूर निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) का ड्रीम प्रोजेक्ट 'बैजू बावरा' काफी समय से चर्चा में बना हुआ है। कई रिपोर्ट्स में बार-बार यह दावा किया गया था कि संजय लीला भंसाली के इस प्रोजेक्ट में रणवीर सिंह को फाइनल किया गया है। फैन्स भी रणवीर सिंह को 'बैजू बावरा' (Baiju Bawra) देखने का मन बना ही चुके थे कि अब लेटेस्ट अपडेट ने उन सभी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। इस मूवी से अब रणवीर सिंह का पत्ता साफ होता नजर आ रहा है। फिल्म में संजय लीला भंसाली ने अब रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की जगह बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) को कास्ट कर लिया है।
Images Credit: Instagram
डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक संजय लीला भंसाली की टीम ने फिल्म 'बैजू बावरा' का प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू कर दिया है। पोर्टल के मुताबिक अब रणबीर कपूर भी रोजाना सुबह 1950 के दशक के क्लासिक गानों सुनते हैं, जिनमें 1952 में रिलीज हुई ओरिजिनल 'बैजू बावरा' के गाने भी शामिल हैं। इतना ही नहीं रणबीर कपूर अपनी बेटी राहा के साथ इन गानों को एन्जॉय कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि संजय लीला भंसाली ने रणबीर कपूर को उनके 43वें जन्मदिन के तोहफे में फिल्म 'बैजू बावरा' दी है। एक तरफ रणबीर कपूर के फैन्स इस खबर से बेहद खुश हैं। वहीं दूसरी ओर रणवीर सिंह के फैन्स को निराशा हो रही है।
कई रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि रणवीर सिंह ने भी फिल्म 'बैजू बावरा' की तैयारियां शुरू कर दी थीं। मगर अब संजय लीला भंसाली ने इस मूवी से अभिनेता को बाहर कर बड़ा झटका दिया है। संजय लीला भंसाली के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो लंबे समय से फिल्म 'लव एंड वॉर' के निर्देशन में व्यस्त चल रहे हैं। इस मूवी में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल को लीड रोल में देखा जाएगा। फिल्म अगले साल बड़े परदे पर रिलीज करने की पूरी तैयारी मेकर्स ने कर ली है।
