बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के गाने 'फिर से' ने दुनियाभर में पहचान बनाने की ओर एक कदम बढ़ाया है। अरिजीत सिंह (Arijit Singh) की आवाज में सजे इस गाने को ग्रैमी अवॉर्ड्स की विचार सूची में जगह मिली है। यह खबर सामने आते ही अरिजीत ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया। हालांकि, अभी गाने को ग्रैमी के लिए नामांकन नहीं मिला है। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ramayana: जटायु के दमदार लुक से उठा पर्दा, अनुपम खेर देंगे आवाज)
अरिजीत सिंह ने दी जानकारी
अरिजीत सिंह ने इस बात की जानकारी देते हुए अपने पोस्ट में लिखा, 'धुरंधर: द रिवेंज' के गाने 'फिर से' को 'विजुअल मीडिया के लिए लिखे गए सर्वश्रेष्ठ गाने' की श्रेणी में ग्रैमी के लिए विचार किया जा रहा है। आप सभी के प्यार के लिए धन्यवाद। अधिक जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएं।' 'धुरंधर: द रिवेंज' के गानों को दुनिया भर में पहचान दिलाने के लिए टी-सीरीज और बी62 स्टूडियोज ने खास पहल की है। इसके तहत फिल्म के कई गानों को ग्रैमी अवॉर्ड्स की अलग-अलग श्रेणियों में शामिल करने के लिए पेश किया गया है। 'फिर से' के अलावा 'आरी आरी', 'जान से गुजरते हैं', 'कन्हैया' और 'जाइए सजना' भी इस सूची का हिस्सा हैं। फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने तैयार किया है, जबकि गानों के बोल इरशाद कामिल और कुमार ने लिखे हैं। कुछ गानों में बॉम्बे रॉकर्स का भी योगदान है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की है। फिल्म के दोनों हिस्सों ने भारत में मिलाकर 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। पहला हिस्सा दिसंबर 2025 में रिलीज हुआ था, जबकि दूसरा हिस्सा इसी साल मार्च में सिनेमाघरों में आया। रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन और अक्षय खन्ना ने भी फिल्म में अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
