Andaz Apna Apna Re-Release: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और आमिर खान ने सालों पहले एक कॉमेडी फिल्म के लिए हाथ मिलाया था, जिसरा डायरेक्शन राजकुमार संतोषी ने किया था। फिल्म अंदाज अपना अपना में सलमान खान और आमिर खान के साथ-साथ रवीना टंडन, करिश्मा कपूर, परेश रावल जैसे अभिनेताओं के भी अहम रोल थे। फिल्म अंदाज अपना अपना बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी लेकिन समय के साथ इसे दर्शकों ने प्यार दिया और इसे इंडस्ट्री की कल्ट क्लासिक्स में गिना जाता है। दर्शक इसका लुत्फ ओटीटी और यूट्यूब पर उठाते हैं लेकिन अब वो इसे थिएटर में भी देख पाएंगे।
सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होगी अंदाज अपना अपना
जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि सलमान खान और आमिर खान की अंदाज अपना-अपना सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होने के लिए तैयार है। तरण आदर्श ने पोस्ट में लिखा है, 'आमिर खान और सलमान खान की अंदाज अपना अपना इस अप्रैल में दोबारा रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म का टीजर कल दर्शकों के सामने आएगा। अंदाज अपना अपना कल्ट क्लासिक है, जो 31 साल पहले सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 31 साल बाद ये दोबारा दर्शकों के सामने होगी। आमिर खान सलमान खान स्टारर अंदाज अपना अपना को राजकुमार संतोषी ने बनाया था। अंदाज अपना अपना को मेकर्स 4के में रिलीज करेंगे। अंदाज अपना अपना में रवीना टंडन, करिश्मा कपूर और परेश रावल जैसे कलाकार भी थे।'
बताते चलें कि अंदाज अपना अपना के बाद सलमान खान और आमिर खान ने फिर कभी साथ में काम नहीं किया है। दर्शक इन दोनों को थिएटर में दोबारा साथ में देखना चाहते थे। फैंस की ये डिमांड अंदाज अपना अपना से पूरी होने जा रही है। उम्मीद है कि अंदाज अपना अपना को दर्शक शानदार रिस्पांस देंगे और फिर सलमान-आमिर एक नई मूवी के लिए हाथ मिलाएंगे।
