Amaal Mallik Post: म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक (Amaal Mallik) आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा में बने रहते हैं। अमाल ने हाल ही में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी की फिल्म 'आवारापन 2' (Awarapan 2) के गाने 'ये आवारापन' को कंपोज किया था। इस बीच अमाल मलिक का एक पोस्ट सामने आया है, जो कि इंटरनेट वर्ल्ड में धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। अमाल मलिक के इस पोस्ट को देखकर लोग हिल गए हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Yash की Toxic को बेकार बताना यूट्यूबर को पड़ा बहुत महंगा)
अमाल मलिक ने लिया ब्रेक
म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक ने लेटेस्ट पोस्ट में कहा है कि वो अब ब्रेक ले रहे हैं। अमाल ने अपने पोस्ट में बताया कि वह इस समय अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने मन, शरीर और आत्मा को आराम देने की जरूरत है। वह कुछ समय का ब्रेक लेकर खुद को बेहतर करना चाहते हैं और फिर नई ऊर्जा व नए गानों के साथ वापसी करेंगे। अमाल ने लिखा कि अगले साल तक वह किसी नई फिल्म के लिए म्यूजिक नहीं बनाएंगे। हालांकि, उनके कुछ पुराने और अब तक रिलीज न हुए फिल्मी गाने भविष्य में सुनने को मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि ये छोटी बजट की फिल्मों के गाने हैं और इन फिल्मों की रिलीज को लेकर स्थिति साफ नहीं है। उन्होंने फैंस से अपील की कि फिलहाल उन्हें परेशान न करें और किसी नई जानकारी के लिए इंतजार करें। अमाल ने लिखा, “म्यूजिक से सिनेमा तक का सफर मुझे बहुत दूर ले आया है, अब मैं वापस म्यूजिक की तरफ जा रहा हूं।”
इससे पहले मई में अमाल मलिक ने फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के कुछ ताकतवर लोगों पर उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से हटाने और नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पिछले कई सालों से वह लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन इंडस्ट्री में कुछ लोग उन्हें फिल्मों का हिस्सा नहीं बनने देना चाहते थे। अमाल मलिक मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर डब्बू मलिक के बेटे और अनु मलिक के भतीजे हैं। उन्होंने 2014 में सलमान खान की फिल्म 'जय हो' से बॉलीवुड में बतौर कंपोजर शुरुआत की थी।
