Pawan Singh Latest News: भोजपुरी इंडस्ट्री में पावर स्टार कहलाने वाले एक्टर-सिंगर पवन सिंह को लेकर फिलहाल चर्चाओं का बाजार गर्म है। उन्हें लेकर हाल ही में ये अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह यह फिल्म-गाने से जुड़ा काम छोड़कर नई राह पर निकल सकते हैं। यह लाइन एक्टिंग-सिंगिंग से बिल्कुल इतर है, जिसका रास्ता दिल्ली में संसद तक जाता है। जी हां, उस जगह का नाम है- लोकसभा (संसद का निचला सदन)
पवन सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरा हैं। (फाइल)
दरअसल, सिंह को लेकर ऐसा कहा गया कि वह सियासी मैदान में कूदना चाहते हैं। चूंकि, साल 2024 में आम चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) होने हैं, जिससे पहले वह चुनाव लड़ने के लिए अपनी तैयारी पूरी कर लेना चाहते हैं। सूत्रों की मानें तो वह इलेक्शन लड़ने के लिए अधिक पैसे कमाना चाहते हैं।
फिल्म करेंगे तब पैसे तो मिलेंगे, पर उनके पास समय नहीं रहेगा। ऐसे में वह अधिक फिल्मों से बचकर गाने और स्टेज शो पर ध्यान दे रहे हैं और कम समय में अधिक रकम जुटा रहे हैं।
पवन के चुनाव लड़ने को लेकर संभावनाएं तब जताई जाने लगीं, जब कुछ रोज पहले बिहार में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राजद नेता तेज प्रताप यादव के साथ उनका एक फोटो सामने आया था, जबकि बाद में उन्होंने आरजेडी संस्थापक के छोटे पुत्र और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से भी भेंट की थी।
सूत्रों के हवाले से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि सिंह आरजेडी के टिकट पर आरा से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। हालांकि, इस बारे में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वैसे, वह खुद को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का कार्यकर्ता भी करार दे चुके हैं। उन्होंने एक दफा यह भी कहा था कि अगर आलाकमान की ओर से कहा जाएगा तब वह इलेक्शन भी लड़ जाएंगे।
अपने काम से कई बार सिंह दिल्ली के चक्कर भी लगा चुके हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि वह किस दल से चुनावी ताल ठोंकेगे। वह आरडेजी या बीजेपी में से किसका दामन थामेंगे? यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
हालांकि, सिंह से पहले भोजपुरी इंडस्ट्री के तीन बड़े नाम लोकसभा (बीजेपी के टिकट पर) पहुंच चुके हैं और इनमें मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव शामिल हैं।
