UP Nikay Chunav: निकाय चुनाव प्रचार का CM योगी ने किया आगाज, सहारनपुर में बोले-नो कर्फ्यू नो दंगा, UP में सब चंगा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 24, 2023, 03:20 PM IST

UP Nagar Nikay Chunav 2023: मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का ये सीमांत जनपद अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है। अपनी अद्भुत काष्ठकला के लिए जगविख्यात यहां की शिल्पकला हो, मेहनती किसान हों, दूरदर्शी और सुशिक्षित युवा हों या फिर उद्योग व्यापार के क्षेत्र में प्रगति में निरंतर योगदान करने वाले हमारे व्यापारी बंधु। सहारनपुर यूपी का महत्वपूर्ण जनपद है।

UP Nagar Nikay Chunav 2023: 'नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में सब चंगा। रंगदारी ना फिरौती, अब यूपी नहीं है किसी की बपौती। माफिया-अपराधी हो गये अतीत, यूपी बना है सुरक्षा,-खुशहाली और रोजगार का प्रतीक। यूपी अब कर्फ्यू के लिए नहीं, कांवड़ यात्रा के लिए पहचाना जा रहा है। हमारी पहचान अब उपद्रव की नहीं, उत्सवों की है। यह प्रदेश माफिया नहीं, महोत्सव का प्रदेश बन चुका है। ये हमें तय करना है कि हमारे शहरों में शोहदों का आतंक हो या हम इसे सेफ सिटी बनाएंगे। हम अपने युवाओं के हाथों में तमंचा देखना चाहते हैं या टैबलेट और स्मार्टफोन।' ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता रोड स्थित महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। सहारनपुर से पहली जनसभा के साथ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीजेपी ने नगर निकाय चुनावों में जीत के लिए जोरदार अभियान शुरू कर दिया है।

yogi adityanath

सहारनपुर में सीएम योगी ने की जनसभा। (सौजन्य-@myogiadityanath)

माफिया के उपचार के लिए हमारी पुलिस ही काफी

जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यूपी के नगरों में बीजेपी सरकार की ओर से किए गये कार्यों को एक-एक कर गिनाया। उन्होंने कहा कि 'आज मैंने मां शाकंभरी और माता बालासुंदरी के आशीर्वाद से सहारनपुर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की है। हमने बिना भेदभाव, बिना जाति, मत-मजहब देखे, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के साथ शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है। सहारनपुर से महापौर पद के लिए सुयोग्य चिकित्सक को हम आपके बीच लेकर आए हैं, जो यहां की सभी बीमारियों का उपचार करेंगे। माफिया के उपचार के लिए हमारी पुलिस ही काफी है।'

End of Feed