Amit Shah : एनडीए में सीएम चेहरे को लेकर अब तक कोई दुविधा नहीं थी। सब यही मानकर चल रहे हैं कि बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) यदि विजयी हुआ तो सीएम कुर्सी पर नीतीश कुमार की ताजपोशी एक बार फिर होगी लेकिन गुरुवार को बिहार दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बयान सभी को चौंका दिया। शाह ने कहा कि यद्यपि भाजपा नीतीश कुमार के नेतृत्व में विश्वास करती है फिर भी सीएम पद के बारे में फैसला बिहार चुनाव के बाद गठबंधन के दलों के साथ मिलकर लिया जाएगा।
गुरुवार को बिहार दौरे पर पहुंचे हैं गृह मंत्री अमित शाह। तस्वीर-ANI
शाह बोले-अपने गठबंधन के साथियों का सम्मान करती है भाजपा
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक शाह ने जोर देकर कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों एवं गठबंधन का सम्मान करती है। सीएम पद पर फैसला चुनाव नतीजों के आधार पर किया जाएगा। एक समाचार चैनल के साथ बातचीत में शाह ने कहा, 'मैं किसी को मुख्यमंत्री बनाने वाला कौन होता हूं? हमारे गठबंधन में कई दल शामिल हैं, चुनाव के बाद हम एक साथ बैठेंगे और सीएम कौन बनेगा इस बारे में निर्णय लेंगे। अभी हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।'
राजनीति टीआरपी के लिए नहीं होती-शाह
इस सवाल पर कि क्या चुनाव में यदि भाजपा अपने सहयोगी दलों से ज्यादा सीटें जीतती है तो? इस सवाल पर गृह मंत्री ने कहा, 'अभी भी हमारे पास ज्यादा विधायक हैं फिर भी नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। राजनीति टीआरपी के लिए नहीं होती है...आपने मुझसे पूछा कि बाद में क्या होगा, तभी मैंने आपको जवाब दिया।' अभी बिहार में एनडीए की सरकार है। इस गठबंधन में 84 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़ा दल है। जबकि जद-यू के पास 48 विधायक हैं।
नीतीश कुमार में विश्वास करती है भाजपा
शाह ने कहा, 'भारत की राजनीति में नीतीश कुमार अहमियत काफी ज्यादा है। अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कांग्रेस के साथ रहते हुए भी वह कभी कांग्रेसी नहीं हुए। वह ढाई साल से ज्यादा कांग्रेस के साथ रह नहीं पाए। यदि आप किसी के जीवन का आकलन करना चाहते हैं तो आपको उस व्यक्ति के पूरे करियर को देखना होता है। नीतीश शुरुआत से ही एक समाजवादी नेता हैं। उन्होंने कांग्रेस का विरोध किया। जेपी आंदोलन के समय भी वह कांग्रेस के खिलाफ लड़े। मेरा मानना है कि भाजपा नीतीश कुमार में निश्चित रूप से विश्वास करती है। बिहार के लोग भी नीतीश कुमार पर भरोसा करते हैं।'
तीन दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे हैं शाह
शाह बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे। वह भाजपा के संगठन से जुड़ी बैठकें करेंगे, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे और कई जन सभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा की बिहार इकाई के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री बृहस्पतिवार देर शाम भाजपा के संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और शुक्रवार को तरैया तथा अमनौर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं संबोधित करेंगे।
