उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के साम्बा में भाजपा प्रत्याशी सुरजीत सिंह सलाथिया के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साम्बा की वीर धरती ने मां भारती की सेवा में कई वीर सपूतों को दिया है। उन्होंने वीरों की भूमि साम्बा को नमन करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से निश्चित ही भाजपा प्रत्याशी सुरजीत सिंह सलाथिया भारी बहुमत से विजय होंगे।
पुष्कर सिंह धामी ने साम्बा में जनसभा को किया संबोधित
एक विधान और एक निशान की कल्पना साकार- धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की एक देश, एक विधान और एक निशान की कल्पना को साकार किया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में धारा 370 को समाप्त कर एकीकृत भारत के सपने को अंजाम तक पहुंचाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा जब-जब भाजपा ने धारा 370 समाप्त करने के लिए आवाज उठाई तो इसका विरोध हुआ। लेकिन 05 अगस्त, 2019 को प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने धारा 370 को समाप्त कर ऐतिहासिक कार्य किया है।
मिनिमम टेररिज्म और मैक्सिमम टूरिज्म- धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि धारा 370 समाप्त होने से पहले पत्थरबाज, आतंकवादी कश्मीर में हावी थे। इन लोगों ने लगातार देश की तरक्की रोकने का कार्य किया है। पर केंद्र की भाजपा सरकार में जम्मू कश्मीर के अंदर मिनिमम टेररिज्म और मैक्सिमम टूरिज्म हो गया है। आज जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाएं पूर्ण रूप से बंद है। अब किसी में पत्थरबाजी करने की हिम्मत नहीं है। इस बार का चुनाव बहुत ऐतिहासिक होने वाला है। आजादी के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर के लोग दो झंडे, दो संविधान के नीचे नहीं बल्कि तिरंगे के नीचे, बाबा अंबेडकर के संविधान के आधार पर मतदान करेंगे। पहले कश्मीर में 10 प्रतिशत मतदान होता था, लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 में यह बढ़कर 58 प्रतिशत चुनाव हुआ।
कांग्रेस पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में तत्कालीन गृहमंत्री को कश्मीर में आने से डर लगता था। उन्होंने कहा कांग्रेस के शहजादे अगर आज कश्मीर के अंदर आ पा रहे हैं तो इसका श्रेय भी प्रधानमंत्री को जाता है। उन्होंने कहा कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी के लोग कहते हैं कि पाकिस्तान के साथ व्यापार और वार्ता शुरू कर देना चाहिए। आतंकवादियों, अलगावादियों पत्थरबाजों को छोड़ देना चाहिए। उनकी सोच देश विरोधी सोच है। उन्होंने कहा जनता में जितनी ऊर्जा, जोश और उत्साह है। ये जोश रुकना नहीं चाहिए।
