Assembly Elections 2023 Opinion Poll: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की गहमागहमी तेज हो गई है। इसी के साथ जनता का मिजाज भी भांपा जा रहा है। तमाम सियासी दल जनता को पिछले पांच साल का हिसाब-किताब देंगे और इसी आधार पर उनके काम पर मुहर लगेगी। Time Now नवभारत और ETG के ओपिनियन पोल में तीन अहम राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव को लेकर ओपिनियन पोल कराया है। तीनों राज्यों की जनता क्या कह रही है, आपको बताते हैं।
तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव का ओपिनियन पोल
राजस्थान विधानसभा चुनाव
राजस्थान में हर चुनाव में सरकार बदलने की परंपरा रही है। एक बार कांग्रेस, तो दूसरी बार बीजेपी सत्ता में आती रही है। हालांकि इस बार कांग्रेस इतिहास बदलने का दावा कर रही है, जबकि भाजपा इतिहास याद दिलाते हुए सत्ता वापसी का दावा कर रही है। इन सबके बीच टाइम्स नाउ नवभारत और ईटीजी के सर्वे में जनता ने अपना मूड साफ कर दिया है।
ओपिनियन पोल में बीजेपी, कांग्रेस पर भारी पड़ती दिख रही है। यहां इतिहास दोहराता दिख रहा है। कांग्रेस सत्ता से बाहर जाती दिख रही है। अगर राजस्थान में आज चुनाव हो तो कुल 200 सीटों में से बीजेपी को 114-124 सीटें, कांग्रेस को 68-78 सीटें और अन्य को 6-10 सीटें मिलती दिख रही हैं।
किसको कितनी सीटे?
| कुल सीट | 200 |
| बीजेपी | 114-124 |
| कांग्रेस | 68-78 |
| अन्य | 6-10 |
किसका कितना वोट प्रतिशत ?
| बीजेपी | 43.80% |
| कांग्रेस | 41.90% |
| अन्य | 14.30% |
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव
230 सदस्यों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सत्तारूढ़ बीजेपी के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है। सीएम शिवराज सिंह के सामने बीजेपी की सत्ता बनाए रखने की चुनौती है। पिछले चुनाव में बीजेपी को हार मिली थी, लेकिन कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के बाद यहां दोबारा बीजेपी की सरकार बन गई। कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार कुछ महीने ही चली। अब कमलनाथ नए सिर से कांग्रेस को एकजुट कर बीजेपी को मात देने की तैयारी में जुटे हैं। यहां चुनाव अभियान चरम पर है और बीजेपी-कांग्रेस के नेता धुआंधार प्रचार कर रहे हैं।
Time Now नवभारत और ETG के ओपिनियन पोल के मुताबिक, अगर मध्य प्रदेश में आज चुनाव हो तो दोनों के बीच कांटे की टक्कर होती दिख रही है। इसके मुताबक, कुल सीट 230 में से बीजेपी को 107-115 सीटें, कांग्रेस को 112-122 सीटें और अन्य को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है।
किसे कितनी सीटें?
| कुल सीटें | 230 |
| बीजेपी | 107-115 |
| कांग्रेस | 112-122 |
| अन्य | 1-3 |
किसका कितना वोट प्रतिशत?
| बीजेपी | 43.70% |
| कांग्रेस | 44.90% |
| अन्य | 11.40% |
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव
छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होने हैं। यहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच फिर सीधा मुकाबला है। बीजेपी जहां सत्ता वापसी के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस सत्ता बरकरार रखने के लिए जी-जान से जुटी है। कांग्रेस सीएम भूपेश बघेल बीजेपी पर हमले का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। उन्होंने राज्य में कई योजनाएं शुरू करके मतदाताओं का दिल जीतने की कोशिश की है। बीजेपी यहां लगातार 15 साल तक सत्ता में रही थी, अब वह वापसी का मौका देख रही है।
छत्तीसगढ़ की तस्वीर
विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर जारी ETG Survey में छत्तीसगढ़ के रुझान में कांग्रेस को 51-59% की बढ़त मिली। वहीं BJP 27-35% पर सिमटी हुई नजर आई। यानि इस चुनाव में कांग्रेस का पलड़ा भारी लग रहा है। अगर छत्तीसगढ़ में आज चुनाव हो तो कुल 90 सीटों में बीजेपी को 27-25 सीटें, कांग्रेस को 51-59 सीटें, और अन्य को 2-6 सीटें मिलने का अनुमान है।
किसको कितनी सीट ?
| कुल सीटें | 90 |
| बीजेपी | 27-35 |
| कांग्रेस | 51-59 |
| अन्य | 2-6 |
किसको कितना वोट प्रतिशत ?
| बीजेपी | 39.30% |
| कांग्रेस | 42.30% |
| अन्य | 18.40% |
उभरी दिलचस्प तस्वीर
टाइम्स नाऊ, ईटीजी सर्वे से साफ है कि जहां राजस्थान में बीजेपी कांग्रेस पर भारी है, वहीं छत्तीसगढ़ में तस्वीर इसके उलट है। यहां कांग्रेस फिर मजबूत दिख रही है। वहीं, मध्य प्रदेश में फिलहाल बीजेपी-कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर नजर आ रही है। तीनों राज्यों इस सर्वे में आपको अनुमान लग गया होगा कि यहां किसकी सरकार बनने की संभावना है। हालांकि, चुनाव नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे तब पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। लेकिन इससे पहले टाइम्स नाउ नवभारत और ईटीजी के सर्वे से तस्वीर साफ होती दिख रही है।
