Bihar Chunav 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस-राजद के 'महागठबंधन' को 'ठगबंधन' करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को बिहार से ज्यादा बांग्लादेश से आए घुसपैठियों की चिंता है। बाबा साहेब अंबेडकर का नाम उनके लिए सिर्फ चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए है। अमित शाह ने अरवल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अरवल में एक चुनावी जनसभा को किया संबोधित (फोटो साभार: @BJP4India)
'घुसपैठियां बचाओ यात्रा'
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी यहां घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकालने आए थे। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने किसके लिए यात्रा निकाली, बिहार की माताओं के लिए, गरीबों के लिए या बिहार के युवाओं के लिए? नहीं, इनके लिए इन्हें कुछ नहीं करना है, इन्होंने घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्रा निकाली है। राहुल के लिए ये घुसपैठिए वोटबैंक हैं। इसलिए ये उन्हें बचाने के लिए 'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा निकालते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं आपसे वादा करके जाता हूं कि राहुल गांधी को बिहार से लेकर इटली तक जितनी यात्रा निकालनी है निकालें, लेकिन वो घुसपैठिए को बचा नहीं पाएंगे। हम देश और बिहार से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि बाबा साहेब जिंदा रहे तब तक ये कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब का विरोध किया। इनके मरने के बाद भी बाबा साहेब के सम्मान में कुछ नहीं किया। बाबा साहेब को भारत रत्न तब मिला, जब कांग्रेस सत्ता से गई। मोदी जी ने 14 अप्रैल को राष्ट्रीय समरसता दिवस घोषित किया, 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया। कांग्रेस के लिए बाबा साहेब का नाम सिर्फ वोट बटोरने के लिए है, जबकि हमारे लिए बाबा साहेब का नाम श्रद्धा का केंद्र है।
'ठगबंधन का हो जाएगा सफाया'
अमित शाह ने कहा कि बिहार चुनावों के बाद 'ठगबंधन' का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा, ''मैं इस चुनाव में करीब 38 जगह घूमता-घूमता आज अरवल आया हूं। मैं मगध, सीमांचल, आरा, पटना, मिथिलांचल जहां-जहां भी गया, मैंने पूरे बिहार में एक ही मूड देखा है कि 14 तारीख को ठगबंधन का सफाया होने वाला है।''
उन्होंने कहा कि एक जमाने में जंगलराज में बिहार नक्सलवाद से ग्रस्त था, लेकिन अब पीएम मोदी ने बिहार को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया है। पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने अब यहां से जंगलराज और नरसंहार को खत्म कर दिया है।
'लालू की पार्टी का सूपड़ा साफ...'
अमित शाह ने कहा कि पहले चरण का चुनाव समाप्त हो चुका है। पहले ही चरण में लालू की पार्टी का सूपड़ा साफ़ हो गया। पहले चरण में तय हो चुका है कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने वाली है, लेकिन सासाराम वालों, याद रखिए, जरा सी भी गलती हुई तो जंगलराज फिर लौट आएगा। लालटेन वालों को बिहार में आने मत देना, वरना आगे बढ़ रहा बिहार फिर से जंगलराज से तहस-नहस हो जाएगा।
