Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: कांग्रेस नेता और नयी दिल्ली विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखकर खुली बहस की चुनौती दी। पूर्व सांसद दीक्षित इस सीट पर केजरीवाल को चुनौती दे रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी से प्रवेश वर्मा उम्मीदवार हैं।
संदीप दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल को दिया ओपन चैलेंज।
केजरीवाल को खुली बहस के लिए जंतर-मंतर पर बुलाया
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, 'मैं बार-बार कह रहा हूं कि अरविंद केजरीवाल आएं और पिछले 10 सालों में किए गए अपने कामों पर मुझसे चर्चा करें। मैं उन्हें जंतर-मंतर पर आमंत्रित करूंगा और उन मुद्दों की सूची दूंगा, जिन पर मैं उनसे सवाल पूछना चाहता हूं। चुनाव आयोग अरविंद केजरीवाल से यमुना में जहर होने का सबूत मांग रहा है, लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं।'
संदीप दीक्षित ने पत्र लिखकर अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को दोपहर दो बजे से तीन बजे के बीच जंतर मंतर पर आकर बहस करने के लिए आमंत्रित किया। पत्र में दीक्षित ने कहा कि जब से कांग्रेस ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की है, उस समय से वह केजरीवाल के उन कार्यों के दावों को चुनौती दे रहे हैं जो उन्होंने मुख्यमंत्री और नयी दिल्ली के विधायक के रूप में किए।
उन्होंने कहा, 'मैं आपको शुक्रवार को अपराह्न दो बजे से तीन बजे के बीच जंतर मंतर पर खुली सार्वजनिक बहस के लिए आमंत्रित कर रहा हूं। मैं इंतजार करूंगा कि आप वहां आएं और उन सभी विषयों पर बहस करें जिन्हें आप अपनी उपलब्धियों के रूप में उजागर कर रहे हैं।'
