Priyanka Gandhi: कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोकसभा चुनाव-2024 में उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी के प्रदर्शन के लिए जनता और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अवाम ने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है। प्रियंका ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किए गए संदेश में कहा कि यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ित किया गया, आप पर फर्जी मुक़दमे लगाये गये, जेल में डाला गया, बार-बार नज़रबंद किया गया, मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गये, आप टिके रहे।
यूपी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रियंका गांधी ने दीू बधाई।
उन्होंने इसी संदेश में कहा कि मुझे गर्व है आप पर और उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की क़ीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है। कांग्रेस ने पिछले दिनों संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 17 सीट पर चुनाव लड़ा था जिनमें से उसे छह सीट पर कामयाबी मिली जबकि 11 पर वह दूसरे स्थान पर रही। वर्ष 2019 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मात्र एक सीट जीतने वाली कांग्रेस के लिए इस बार के नतीजे बड़ी कामयाबी के तौर पर देखे जा रहे हैं।
सपा और कांग्रेस ने जनता को किया भ्रमित
उत्तर प्रदेश में 2019 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 63 से 33 सीटों पर खिसकने के बाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख और राज्य के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने यह कहकर जनता को भ्रमित किया कि संविधान खतरे में है। राजभर ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने बार-बार यह कहकर जनता को भ्रमित किया कि संविधान खतरे में है। इसे मुद्दा बनाकर उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का वोट शेयर भी खा लिया , जिसके कारण हमें राज्य में नुकसान उठाना पड़ा।
भाजपा को बड़ा झटका देते हुए, उसे 2019 के लोकसभा चुनावों में 63 के मुकाबले केवल 33 सीटें मिलीं, जिसका वोट शेयर 41.37 प्रतिशत रहा। भाजपा की हार की कुछ सबसे चर्चित सीटों में फैजाबाद, अमेठी और रायबरेली शामिल हैं। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने अकेले 37 सीटें हासिल कीं, इस प्रकार राज्य में भारी सुधार हुआ। सपा का वोट शेयर 33.59 प्रतिशत रहा। भाजपा की जीत का आंकड़ा 2019 के 303 और 2014 में जीती गई 282 सीटों की तुलना में बहुत कम है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने मजबूत वृद्धि दर्ज की, 2019 में 52 और 2014 में 44 सीटों की तुलना में 99 सीटें जीतीं।
