Bihar Election Result 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव के चुनाव नतीजे 14 नवंबर को आ गए। इस चुनाव में एनडीए की जहां प्रचंड जीत हुई, वहीं महागठबंधन को भीषण हार का सामना करना पड़ा। अब इस हार-जीत की वजहों पर चर्चा की जा रही है। बिहार में चुनाव-प्रचार के लिए सभी दलों के स्टार प्रचारकों के ताबड़तोड़ रैलियां, जनसभाएं और रोड शो किया। इस चुनाव प्रचार का असर चुनाव नतीजों पर भी देखने को मिला। नेताओं की रैलियों और जीत में उसकी हिस्सेदारी की अगर जिक्र करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी पर भारी पड़ते हैं। बिहार में भारतीय जनता पार्टी ने 101 सीटों पर चुनाव लड़ा और इसमें से 89 सीटों पर उसने जीत दर्ज की।
बिहार चुनाव में एनडीए की हुई है जीत। तस्वीर-PTI
चुनाव जिताने में PM मोदी का स्ट्राइक रेट 91%
इसमें भाजपा की जीत का प्रतिशत 95 प्रतिशत रहा। भाजपा की इस जीत में पीएम मोदी के प्रचार की बड़ी भूमिका देखी जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक बिहार चुनाव में पीएम मोदी ने 14 जनसभाओं को संबोधित और पटना में एक रोडशो किया। पीएम जिन सीटों पर चुनाव प्रचार करने पहुंचे उसमें भाजपा की जीत का प्रतिशत 91 फीसद रहा। यानी उम्मीदवारों को जिताने में पीएम मोदी का स्ट्राइक रेट 91 प्रतिशत है। यानी भाजपा नेताओं में सबसे ज्यादा। बिहार में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री राजनाथ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भगवा पार्टी के तमाम दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार किया।
एनडीए ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की
हालाकि, भाजपा नेताओं ने जिला मुख्यालयों पर रैलियां संबोधित करते हुए कई विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया, उनकी अपील पार्टी कैडर और कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने में सफल रही। इसके परिणामस्वरूप कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर रिकॉर्ड संख्या में मतदान सुनिश्चित किया, जिसने गठबंधन की प्रचंड जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनडीए ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की। अकेले भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की।
जहां पीएम की रैली, वहां भारी मतदान
चुनावी अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के सात दौरों में 14 रैलियां संबोधित कीं और पटना में एक रोड शो किया। जिन स्थानों का उन्होंने दौरा किया, वहां भारी मतदान हुआ जैसे—समस्तीपुर (71.74%), बेगूसराय (69.87%), मुजफ्फरपुर (71.81%), छपरा (63.86%), नवादा (57.86%), आरा (59.90%), कटिहार (79.10%), सहरसा (69.38%), भागलपुर (67.75%), अररिया (70.62%), भभुआ (68.57%), औरंगाबाद (65.47%), बेतिया (71.38%), सीतामढ़ी (67.21%) और पटना (59.02%)।
गृह मंत्री शाह ने 36 रैलियां कीं
भाजपा को 20.07% वोट शेयर मिला, जबकि सहयोगी जदयू को 19.26% और एलजेपी (RV) को 4.98% वोट मिले। केंद्रीय गृह मंत्री ने सासाराम, सारण, अरवल, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, वैशाली, जमुई, लखीसराय, भागलपुर, दरभंगा, मोतिहारी, सुपौल, पूर्णिया और मुंगेर में 36 रैलियां कीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोतिहारी, गया, पिपरा, अररिया, सिवान, रक्सौल, समस्तीपुर, लखीसराय, गोपालगंज, सीतामढ़ी, पटना और सहरसा में 30 रैलियां संबोधित कीं और दरभंगा में एक रोड शो किया।
