पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले सियासी बयानबाजी जोरों पर है। भाजपा के वरिष्ठ नेता राज्य में एक-एक दिन में कई-कई रैलियां कर अपने पक्ष में माहौल बनाने में लगे हैं। खुद पीएम मोदी भी चुनावी मैदान में पूरी सक्रियता से कमर कसे हुए हैं। इस बीच पीएम मोदी ने अपनी एक रैली में ऐसा बयान दिया है जिसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद भाजपा राज्य में समान नागरिक संहिता लागू (यूसीसी) करेगी ताकि ’तुष्टीकरण की राजनीति’ को समाप्त किया जा सके। उन्होंने साथ ही कहा कि भाजपा बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी।
पीएम मोदी ने टीएमसी के खिलाफ खोला मोर्चा। (File Photo)
मोदी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुक्रवार को जारी किया गया भाजपा का चुनावी घोषणापत्र पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के ’महाजंगलराज’ को समाप्त करने का एक खाका है। देश की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। भाजपा पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए समाप्त करने के लिए यूसीसी लागू करने का संकल्प लेती है।
उन्होंने यह टिप्पणी राज्य भाजपा द्वारा अपने चुनावी घोषणापत्र में सत्ता में आने पर छह महीने के भीतर यूसीसी को लागू करने का वादा करने के एक दिन बाद की है।
'मां-माटी-मानुष के नारे को छोड़ चुकी है टीएमसी'
इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। पीएम ने कहा कि राज्य के लोग यह नहीं भूले हैं कि कैसे राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी आरजी कर रेप और हत्याकांड के दोषियों के साथ खड़ी रही। साथ ही पीएम ने तृणमूल कांग्रेस पर ’मां-माटी-मानुष’ के अपने पुराने नारे को छोड़ने और घुसपैठियों के समर्थन पर निर्भर रहने का आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ’मां-माटी-मानुष’ के नारे के साथ सत्ता में आई थी। लेकिन अब यह घुसपैठियों के मतों से सरकार बनाना चाहती है। पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के इस खेल को बर्दाश्त नहीं करेगा। हम बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे।
चुनाव को पश्चिम बंगाल की पहचान को संरक्षित करने की लड़ाई बताते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य के कुछ हिस्सों में तेजी से जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल की पहचान को बचाने का है। राज्य में जनसांख्यिकीय परिवर्तन बहुत तेजी से हो रहा है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद भ्रष्टों को संरक्षण देने और जनता को लूटने वाले लोग जेल में जायेंगे।
'वामदलों के गुंडे टीएमसी में शामिल हो गए'
उन्होंने आरोप लगाया कि ’’वामदलों के गुंडे’’ अब तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं और राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली पिछली सरकार की ’कट-कमीशन’ की राजनीति का अनुकरण करने का आरोप लगाया। बंगाल का इतिहास गवाह है कि जब वह बदलाव का संकल्प लेता है, तो दुनिया की कोई भी ताकत उसे रोक नहीं सकती। जिसने भी बंगाल को चुनौती दी, उसका अहंकार चकनाचूर हो गया, अंग्रेजों से लेकर कांग्रेस और वामपंथियों तक... अब तृणमूल कांग्रेस की बारी है।
राम नवमी पर हिंसा का उठाया मुद्दा
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कि पूरे भारत में राम नवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया, लेकिन पश्चिम बंगाल में राम नवमी की शोभा यात्राओं पर हमले हुए और तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में हिंसा हुई। चुनाव में हार को भांपते हुए तृणमूल कांग्रेस साजिश रच रही है और एआई से तैयार वीडियो फैला रही है। उन्होंने लोगों से इस जाल में न फंसने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार की अनदेखी के कारण मुर्शिदाबाद के रेशम किसानों का भविष्य बर्बाद हो गया है।
