Patel Nagar Vidhan Sabha Chunav 2025: पटेल नगर दिल्ली की 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। यह सीट 1993 में अस्तित्व में आई। यह नई दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है और पश्चिमी दिल्ली जिले के तीन उपविभागों में से एक है। पटेल नगर की सीट पर पिछले चुनावों में काफी दिलचस्प मुकाबला देखा गया है। यह दिल्ली की 12 आरक्षित सीटों में से एक है। इसके अलावा पटेल नगर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने वाली कोचिंग संस्थाओं के लिए भी जाना जाता है।
पटेल नगर विधानसभा चुनाव 2025
कैसे हैं पटेल नगर सीट के समीकरण
इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भाजपा से पार्टी में आए प्रवेश रतन को चुनावी रण में उतारा है, जबकि भाजपा ने AAP के टिकट से विधायक रहे राज कुमार आनंद को टिकट दिया है। अगर बात कांग्रेस की करें तो ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने कृष्णा तीरथ पर एक बार फिर भरोसा जताया है।
पटेल नगर विधानसभा सीट जाटव, दलित, जाट और पंजाबी मतदाताओं की निर्णायक संख्या के कारण अहम मानी जाती है। इस क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति कमजोर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी ने यहां लगातार अपनी पकड़ मजबूत की है। ऐसे में इस बार तो यह देखना दिलचस्प होगा कि पटेल नगर के मतदाता चौथी बार आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताएंगे या फिर किसी अन्य पार्टी को मौका देंगे।
पटेल नगर का रोचक इतिहास
पटेल नगर विधानसभा सीट का इतिहास काफी रोचक है। इस सीट पर 1993 में पहली बार चुनाव हुए थे और उस वक्त भाजपा को जीत मिली थी, लेकिन बाद में कांग्रेस ने खुद को यहां पर मजबूत किया। जिसकी बदौलत 1998 से 2008 तक पटेल नगर सीट पर कांग्रेस का दबदबा रहा। 2008 में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश लिलोठिया तीसरी बार चुने गए, लेकिन 2013 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपने कदम जमाए और AAP की जीत का सिलसिला शुरू हुआ।
2013 में AAP की वीणा आनंद ने चुनाव जीता और आम आदमी पार्टी ने 28 सीटों पर कब्जा किया था, जिसमें पटेल नगर सीट भी शामिल थी। इसके बाद 2015 में आम आदमी पार्टी ने पटेल नगर सीट पर अपनी स्थिति और मजबूत की, जब हजारी लाल चौहान ने जीत दर्ज की। कांग्रेस और भाजपा की उम्मीदें इस सीट पर लगभग समाप्त हो चुकी थीं। 2020 में राज कुमार आनंद ने फिर से आम आदमी पार्टी के लिए विजय हासिल की और भाजपा को भारी शिकस्त दी।
2020 में कौन जीता था चुनाव
2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के राज कुमार आनंद को 73,463 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के प्रवेश रत्न को 42,528 वोट से ही संतोष करना पड़ा और कांग्रेस की कृष्णा तीरथ को 3,382 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
कब होगी वोटिंग?
पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र की एक और खास बात यह है कि यहां कुल 2,01,703 मतदाता हैं, जिनमें से 1,08,977 पुरुष और 92,693 महिला मतदाता हैं। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। दिल्ली में 5 फरवरी को एक ही चरण में सभी 70 सीटों पर मतदान होंगे और 8 फरवरी को चुनाव परिणाम सामने आएंगे।
