Akhilesh Yadav : मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान में अपनी हार के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। सपा सुप्रीमो ने सोमवार को वाराणसी में कहा कि राजनीति में इस तरह के परिणाम आते रहते हैं। हम परिणाम को स्वीकार करते हैं। लड़ाई अभी लंबी है। कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि एमपी में गठबंधन को लेकर बात नहीं बन पाई थी। उसकी परिस्थियां अलग थीं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
अखिलेश ने कांग्रेस पर निशाना साधा
EVM को लेकर उठ रहे सवाल पर अखिलेश ने कहा कि हमारे लैपटॉप अभी चल रहे हैं। हमको जापान और अमेरिका से सीखना चाहिए। वहां एक महीने काउंटिंग होती है। हार के बार अखिलेश यादव ने 'हर घर बेरोजगार, मांगे रोजगार' का नारा दिया। साथ ही उन्होंने सनातन विरोध पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम सब लोग सनातन धर्म को मानने वाले हैं।
‘इंडिया’ के बैनर तले चुनाव लड़ने का संकेत दिया
मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के पिछड़ने पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने तंज कसते हुए सपा प्रमुख अखिलेशने कमलनाथ के बयान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। सपा ने हालांकि अगले वर्ष होने वाला लोकसभा चुनाव विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के बैनर तले कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ने का संकेत दिया है।
सपा प्रमुख के खिलाफ अमर्यादित बयान दिया
चुनावी मुकाबले में कांग्रेस के पिछड़ने पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज सिंह यादव 'काका' ने कहा, 'मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने सपा प्रमुख के खिलाफ अमर्यादित बयान दिया। उन्होंने (कमलनाथ ने) चार बार सांसद और उप्र के मुख्यमंत्री रह चुके सपा प्रमुख को 'अखिलेश-वखिलेश' कहा, जिससे मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि जहां भी चुनाव हुए वहां का बहुजन वर्ग और पिछड़े वर्ग के लोग आहत हुए और उसका दुष्प्रभाव नतीजों पर पड़ा।'
