Election News: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने बुधवार को 62 सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) 20 अक्टूबर की बैठक होगी। कांग्रेस की सीईसी, स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा भेजे गए नामों में से उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाती है।
कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए तेज की तैयारी।
नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव का प्लान
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी ने नांदेड़ संसदीय उपचुनाव के लिए सिर्फ एक नाम दिवंगत संतराव चव्हाण पुत्र रवींद्र चव्हाण के नाम को मंजूरी दी है। संतराव चव्हाण का इस साल अगस्त में निधन हो गया था, इसलिए नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
हिमाचल भवन में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री ने की। इसमें महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला, पटोले, बालासाहेब थोराट और कई अन्य नेता शामिल हुए।
महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को वोटिंग
बैठक के बाद पटोले ने कहा, "62 सीट के लिए मंजूरी मिल गई है। हमारी 20 अक्टूबर को सीईसी की बैठक होगी।" उधर, कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बी के हरिप्रसाद, गौरव गोगोई और मोहन मरकाम को वरिष्ठ समन्वयक नियुक्त किया। महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को जबकि झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी।
भाजपा ने किन सीटों के लिए बनाया चुनावी प्लान
इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की चुनाव समिति की बैठक हुई। सूत्रों की मानें तो महाराष्ट्र की 150 सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिए गए हैं। हालांकि, उम्मीदवारों की घोषणा कब होगी इसकी घोषणा नहीं की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीईसी के अन्य सदस्यों के अलावा बैठक में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले सहित राज्य के कुछ अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। सूत्रों की मानें तो सीईसी ने उन सीटों पर विचार-विमर्श किया, जिन पर भाजपा 288 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने को इच्छुक है।
