Bihar Assembly Election 2025 : महागठबंधन में सीट बंटवारे पर फूट पड़ने और एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारे जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजद और कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने मंगलवार को निशाने साधते हुए कहा कि 'महागठबंधन पूरी तरह महाफूट का शिकार हुआ है।' भाजपा नेता ने कहा कि राजद ने अपने कार्यकर्ताओं को नजरंदाज किया है और सूची में शामिल उसका एक भी उम्मीदवार जीत पाने की स्थिति में नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन। तस्वीर-ANI
'आरजेडी की सूची में जीत दर्ज करने वाला कोई उम्मीदवार नहीं'
बिहार में इस बार चुनाव दो चरणों 6 नवंबर और 11 नवंबर को होगा जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में शाहनवाज ने कहा, 'राजद ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। यह साफ दिखाता है कि टिकट बंटवारे में राजद ने किसी मानक का पालन नहीं किया है। महागठबंधन पूरी तरह से महाफूट का शिकार हुआ है। यह दिखाता है कि उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नजरंदाज कर अन्य को टिकट दे दिया है। आरजेडी की सूची में जीत दर्ज करने वाला कोई नाम नहीं है।'
पैसे लेकर टिकट बेचे जा रहे-जायसवाल
इससे पहले मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्ष का गठबंधन पूरी तरह टूट चुका है। चौधरी ने का कि राजद और कांग्रेस गठबंधन में समन्वय की भारी कमी है। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राजद पर पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में आपसी 'लड़ाई' जारी है। उन्होंने कहा, 'महागठबंन में आपसी लड़ाई चल रही है और टिकट पैसे लेकर बेचे जा रहे हैं, इसे बिहार का मतदाता देख रहा है। ये लोग आज तक सीट बंटवारे पर फैसला तक नहीं कर पाए हैं। सत्ता मिलने पर ये लोग सरकार कैसे चलाएंगे?'
नीतीश करेंगे चुनाव प्रचार अभियान का आगाज
जायसवाल ने मंगलवार को पटना में संवाददाताओं से कहा, 'आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव प्रचार की शुरुआत कर रहे हैं। बहुत संगठित और पारदर्शी तरीके से राजग के पांचों घटक दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अक्टूबर को अपना चुनाव अभियान शुरू करेंगे। 'प्रधानमंत्री मोदी जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित कर अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दिन उनकी जनसभाएं समस्तीपुर और बेगूसराय में होंगी।'
