Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 से पहले BJP पूर्व मंत्री कर्ण देव कंबोज ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इस दौरान बीजेपी के करीब 200 पदाधिकारियों, सरपंचों, पूर्व सरपचों और ब्लॉक समिति सदस्यों ने भी कांग्रेस का दामन थामा। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के दर्जनभर पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस ज्वाइन की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता, नेता और कार्यकर्ताओं तक का सम्मान नहीं करती है। पूर्व मंत्री कर्ण देव कंबोज के बीजेपी से त्यागपत्र देने के बाद से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा थी। कांबोज भाजपा में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे। इंद्री क्षेत्र के चुनावी सफर पर नजर डालें तो यहां की जनता बाहरी प्रत्याशियों पर अपेक्षाकृत अधिक मेहरबान रही है। अब तक 13 चुनाव में इंद्री हलके से ऐसा ही जनादेश मिला है। यहां केवल पांच बार स्थानीय व आठ बार बाहरी प्रत्याशी जीते। इस दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी मौजूद रहे।
हरियाणा में बीजेपी को एक और झटका, पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज कांग्रेस में हुए शामिल
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के डोडा और हरियाणा के कुरुक्षेत्र में PM मोदी की रैली आज, जनसभा को करेंगे संबोधित
बीजेपी एससी और ओबीसी विरोधी मानसिकता का शिकार- हुड्डा
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आप सभी लोगों ने सही समय पर सही फैसला लिया है। अपने फैसले और नीतियों से बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पूर्ण रूप से एससी और ओबीसी विरोधी मानसिकता की शिकार है। इसीलिए उसके सबसे बड़े ओबीसी नेता को पार्टी छोड़नी पड़ी। सभी मिलकर एक ऐसी सरकार बनाएंगे जो 36 बिरादरी और हर वर्ग का सम्मान करेगी। साथ ही विकास के मामले में हरियाणा को देश का नंबर वन राज्य बनाएंगे। वहीं, चौधरी उदयभान ने कहा कि कर्ण देव कंबोज जैसे साथियों के कांग्रेस में आने से अबकी बार पूरे हरियाणा के साथ जीटी रोड बेल्ट में भी बीजेपी का सूपड़ा साफ होना तय हो गया है।
