पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी एकदम भड़की दिख रही हैं। पहले ही इंडिया गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर चुकी ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर अबतक का सबसे बड़ा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें संदेह ही है कि कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में 40 सीट भी जीतेगी।
ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के कारण तो नहीं, कांग्रेस से दूर हुए ममता और नीतीश? समझिए बिहार और बंगाल का समीकरण
कांग्रेस को ममता दे रही थी सिर्फ 2 सीट
कोलकाता में एक धरने के दौरान बनर्जी ने दोहराया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन करने की इच्छुक थी, लेकिन उसने उनके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने कहा- "हम गठबंधन के लिए तैयार थे, उन्हें दो सीट की पेशकश की थी जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया। अब उन्हें सभी 42 सीट पर अकेले चुनाव लड़ने दें। तब से, हमारे बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।"
ममता ने दी कांग्रेस को चुनौती
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते कांग्रेस को हिंदी भाषी राज्यों में भाजपा से मुकाबला करने की चुनौती दी। बनर्जी ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने की चुनौती दी। उन्होंने कहा, "अगर आपमें हिम्मत है तो यूपी, बनारस, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भाजपा को हराएं। जब मणिपुर जल रहा था तो आप (कांग्रेस) कहां थे? हमने एक टीम भेजी थी।"
राहुल की यात्रा से भड़कीं
ममता बनर्जी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से भड़की हुईं दिखीं। कांग्रेस की यात्रा और "प्रवासी पक्षियों" के बीच तुलना करते हुए बनर्जी ने इस कार्यक्रम को "फोटो खिंचवाने के लिए महज तमाशा" करार दिया और कहा कि इसमें वास्तविक इरादे की कमी है।
मुस्लिम वोटों में सेंध की आशंका से भड़की ममता
सूत्रों के अनुसार, उत्तरी बंगाल के छह जिलों, विशेष रूप से उत्तर दिनाजपुर, मालदा और मुर्शिदाबाद, जो महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक आबादी और पारंपरिक रूप से कांग्रेस के समर्थन के लिए जाने जाते हैं, से कांग्रेस की यात्रा ने बनर्जी के रुख को जन्म दिया होगा। उन्हें मुस्लिम वोटों में सेंध लगता दिखा। ममता बनर्जी ने कहा-"मैंने प्रस्ताव दिया कि कांग्रेस 300 सीट पर चुनाव लड़े (देश भर में जहां भाजपा मुख्य विपक्ष है), लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान देने से इनकार कर दिया। अब वे मुस्लिम मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए राज्य में आए हैं। मुझे संदेह है कि यदि वे 300 सीट पर चुनाव लड़ते हैं, तो क्या वे 40 सीट भी जीत पाएंगे।"
