Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा सीट की गिनती हाई प्रोफाइल सीटों में होती है। कभी भाजपा का गढ़ रही राजिंदर नगर सीट पर पिछले तीन विधानसभा चुनाव और उपचुनाव से आम आदमी पार्टी (आप) का कब्जा है। आइए जानते हैं राजिंदर नगर सीट से जुड़ी अहम बातें। सबसे पहले आपको बताते हैं कि राजिंदर नगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने किसे मैदान में उतारा है।
राजिंदर नगर सीट पर किस-किसके बीच मुकाबला?
राजिंदर नगर सीट पर किस-किसके बीच मुकाबला?
| उम्मीदवार | पार्टी | परिणाम |
| दुर्गेश पाठक | आम आदमी पार्टी | --- |
| उमंग बजाज | भारतीय जनता पार्टी | --- |
| विनीत यादव | कांग्रेस | --- |
नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आती राजिंदर नगर विधानसभा
राजिंदर नगर विधानसभा, नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आती है। इस जगह का नाम भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर रखा गया है। यह इलाका एक आवासीय क्षेत्र है और कई हस्तियों का भी इस क्षेत्र से खास नाता रहा है। आप ने इस सीट से दुर्गेश पाठक को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने विनीत यादव को मैदान में उतारा है। भाजपा ने उमंग बजाज को उम्मीदवार घोषित किया है।
राजिंदर नगर सीट पर कब किसका रहा है कब्जा?
राजिंदर नगर विधानसभा सीट एक समय भाजपा का गढ़ थी। हालांकि, अब यहां आम आदमी पार्टी (आप) का दबदबा है। 1993 से 2020 के विधानसभा चुनाव पर नजर डालें तो यहां चार बार बीजेपी, दो बार आप और एक बार कांग्रेस का विधायक चुना गया है। बीजेपी ने इस सीट पर 1993, 1998, 2003 और 2013 में जीत दर्ज की। जबकि आप ने 2015 और 2020 में बाजी मारी। कांग्रेस 2008 में ही जीत दर्ज कर पाई। 2022 में इस सीट पर उपचुनाव हुए थे, जिसमें आप नेता दुर्गेश पाठक ने जीत हासिल की।
2020 के विधानसभा चुनाव के नतीजों की बात करें तो आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार राघव चड्ढा को 59,135 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 57.06 फीसद था, जबकि भाजपा के उम्मीदवार आर पी सिंह को 39,077 वोट मिले और उनका वोट शेयर 37.70 फीसद था। वहीं, कांग्रेस के रॉकी तुसीद को 3,941 वोट मिले थे और वोट शेयर 3.80 था।
2022 के उपचुनाव में आप के दुर्गेश पाठक को 40,319 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के राजेश भाटिया को 28,581 वोट मिले और कांग्रेस की प्रेम लता को 2,014 वोट मिले थे। राजिंदर नगर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या एक लाख से अधिक है। यहां पुरुष मतदाता 80,686, महिला मतदाता 65,299 और थर्ड जेंडर वोटर 3 है। यहां कुल वोटर 1,45,988 हैं।
