Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव-2025 का रिजल्ट थोड़ी देर में पूरी तरह से साफ हो जाएगा। रुझानों में BJP को बंपर बहुमत मिल चुका है। खबर लिखे जाने तक भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद डेटा के मुताबिक बीजेपी 45 और आम आदमी पार्टी 25 सीटों पर आगे है। इस बीच, दिल्ली की सत्ता में आने की ओर अग्रसर बीजेपी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से पोस्टर जारी कर दिल्ली की जनता को अपना संदेश दे दिया है।
भाजपा ने जारी किया नया पोस्टर
इस बीच, दिल्ली में विधानसभा चुनाव की जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा लेकिन नाम पर निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 43 जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 27 विधानसभा सीट पर आगे है। वीरेंद्र सचदेवा ने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद संवाददाताओं से कहा कि अब तक के परिणाम हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं लेकिन हम अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा करेंगे।
सचदेवा के अनुसार, भाजपा उम्मीदवारों ने पूरी मेहनत से काम किया है तथा दिल्ली के मतदाताओं ने विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मॉडल को चुना है। उन्होंने कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व इसलिए चुना क्योंकि वे विकास का एक मॉडल चाहते थे। भाजपा दिल्ली में डबल इंजन सरकार बनाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण की है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली को एक मजबूत और स्थिर सरकार मिले।
