गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस ने मेगा प्लान तैयार किया है। कांग्रेस 15 दिनों में 25 रैलियां करने की तैयारी कर रही है। इन रैलियों के सहारे कांग्रेस का जोर उन 125 सीटों पर होगा, जहां वो मजबूत मानी जाती है।
गुजरात चुनाव को जीतने के लिए कांग्रेस का मेगा प्लान तैयार
जैसे ही हिमाचल प्रदेश में मतदान खत्म हुआ, कांग्रेस पार्टी ने अपना ध्यान गुजरात चुनाव पर लगा दिया है। गुजरात कांग्रेस नेताओं के मुताबिक कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की भी एक जनसभा पर विचार किया जा रहा है। राहुल गांधी को लेकर भी कहा गया है कि वो भी गुजरात में प्रचार करते नजर आएंगे।
राहुल गांधी फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इसके कारण वो हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए नहीं गए थे, लेकिन अब खबर है कि वो गुजरात जा सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,कांग्रेस के दोनों मुख्यमंत्री- अशोक गहलोत और भूपेश बघेल, एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व सीएम और ओबीसी-एससी-एसटी-अल्पसंख्यक नेता भी चुनावी राज्य में रैलियां और प्रचार करते दिखेंगे। इंडिया टुडे के अनुसार एक वरिष्ठ नेता ने कहा- "जहां तक अभियान की बात है तो विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है। इस बार विधानसभा चुनाव की रणनीति अलग है। अब हमारा अभियान अगले स्तर पर जाएगा। यह गुजरात में आखिरी मिनट का आक्रामक अभियान होगा।"
पिछली बार कांग्रेस ने आक्रमक प्रचार अभियान चलाया था। जिसका नेतृत्व राहुल गांधी ने किया था। तब कांग्रेस ने बीजेपी को जबरदस्त चोट दी थी। इस बार, कांग्रेस पार्टी ने बूथ प्रबंधन पर अधिक भरोसा करते हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में अपनी रणनीति बदली है। राहुल गांधी ने फरवरी 2022 में द्वारका में राज्य स्तरीय चिंतन शिविर में पार्टी के अभियान की शुरुआत की थी।
