Bihar Election: तेजस्वी का दावा - बिहार ने बदलाव के लिए दिया वोट, 18 नवंबर को बनेगी नई सरकार; एग्जिट पोल्स पर भी उठाए सवाल

बिहार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद तेजस्वी यादव ने दावा किया कि जनता ने इस बार बदलाव और महागठबंधन के पक्ष में वोट किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 18 नवंबर को नई सरकार शपथ लेगी। तेजस्वी ने एग्जिट पोल्स पर सवाल उठाते हुए मीडिया की विश्वसनीयता पर तंज कसा और भाजपा पर मतगणना प्रक्रिया को धीमा करने की साजिश का आरोप लगाया।

Bihar Election 2025: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में हुई रिकॉर्ड तोड़ मतदान से स्पष्ट है कि राज्य की जनता ने इस बार बदलाव के लिए वोट किया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने जा रहा है और 18 नवंबर को नई सरकार शपथ लेगी। एग्जिट पोल के बारे में तेजस्वी ने कहा, "ये सर्वे तो बंगाल (में तृणमूल कांग्रेस को) हरा रहा था। 2024 में कुछ मीडिया राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)को लोकसभा में 400 सीटों के पार करा रहे थे — नतीजा आपने देखा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल के चक्कर में "लोगों ने यहां तक कि बड़े अभिनेता धर्मेंद्र को भी मार दिया" और ऐसी पत्रकारिता पहले कभी नहीं देखी।

Tejaswi yadav

राजद नेता तेजस्वी यादव (ANI)

2020 की तुलना में बिहार में 72 लाख अधिक वोट पड़े

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “इस बार 2020 की तुलना में बिहार में 72 लाख अधिक मत पड़े हैं और यह वोट 'परिवर्तन के पक्ष' में पड़े हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश में 72 लाख लोगों ने नीतीश कुमार को बचाने के लिए नहीं बल्कि बिहार में बदलाव लाने और सरकार बदलने के लिए मतदान किया है। लोगों ने महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया है और हम 18 नवंबर को शपथ लेंगे।’’

बिहार की जनता लोकतंत्र की रक्षा करेगी- तेजस्वी

तेजस्वी ने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं ने नागरिकता व संवैधानिक मुद्दों पर दोहरे मापदंड अपनाए हैं और चेतावनी दी कि बिहार की जनता लोकतंत्र की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा, "बिहार लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र को हम यहां से मिटने नहीं देंगे।" तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता मतगणना के दिन प्रक्रिया को धीमा करने की कोशिश करेंगे। तेजस्वी ने कहा, “ये लोग मतगणना को स्लो कराने की कोशिश करेंगे। हम उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और ऐसा नहीं होने देंगे।”

मीडिया पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा, “इन चैनलों की विश्वसनीयता का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि इन्होंने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबर चला दी थी। कुछ चैनल तो यह तक कहने लगे थे कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में लाहौर, इस्लामाबाद और कराची पर कब्जा कर लिया है। यही इन लोगों की पत्रकारिता है।” तेजस्वी ने विश्वास जताया कि इस बार जनादेश पूरी तरह महागठबंधन के पक्ष में है और कहा कि “बिहार की जनता ने मौजूदा सरकार की कुशासन की राजनीति को समाप्त करने के लिए भारी मतदान किया है।”

(इनपुट - भाषा)

End Article
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में...

End of Feed