एजुकेशन

क्या होते हैं Self Finance Course, रेगुलर कोर्स से कैसे है‌ अलग

हायर एजुकेशन के लिए जाते समय रेगुलर कोर्स के साथ 'Self Finance Course' का नाम सुनने को मिलता है। 12वीं के बाद कॉलेज या ग्रेजुएशन के बाद पीजी करने की इच्छा रखने वाले छात्रों को इस कोर्स के बारे में जानना जरूरी है। आइए आपको बताएं सेल्फ फाइनेंस कोर्स क्या होते हैं?

Image

क्या होते हैं Self Finance Course (Photo - AI)

हायर एजुकेशन के लिए जब भी कोई छात्र किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी का रुख करते हैं, तो उन्हें एडमिशन प्रॉस्पेक्टस में दो तरह के कोर्सेज नजर आते हैं, एक है रेगुलर कोर्स और दूसरा हैं सेल्फ फाइनेंस कोर्स (Self Finance Course)। जब छात्र सेल्फ फाइनेंस कोर्स पढ़ते हैं तो वह अक्सर असमंजस में पड़ जाते हैं कि यह किस तरह के कोर्स हैं। अधिकांश ऐसे छात्र है, जिन्हें आज भी सेल्फ फाइनेंस कोर्स के बारे में नहीं पता है, साथ ही यह रेगुलर कोर्स से कैसे अलग हैं। एक ही कॉलेज में एक ही डिग्री लेकिन फिर उन्हें दो श्रेणियों में क्यों रखा गया है। दोनों के बीच अंतर क्या है? इस तरह के ढेरों सवाल उठने लगते हैं। अगर आप भी यूजी या पीजी कोर्स में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे हैं और आपको भी नहीं पता है कि सेल्फ फाइनेंस कोर्स क्या हैं तो इनके बारे में जानना आपके लिए बेहद जरूरी हो जाता है।

क्या होते हैं सेल्फ फाइनेंस कोर्स? (What is a Self Finance Course)

कोर्स के नाम से ही साफ है - 'सेल्फ फाइनेंस' यानी खुद से वित्तपोषित किया जाने वाला कोर्स। ये ऐसे प्रोग्राम या कोर्सेज होते हैं जिन्हें चलाने के लिए सरकार या किसी बाहरी एजेंसी से कोई फाइनेंशियल सहायता या ग्रांट नहीं मिलती है। इस तरह के कोर्स को आयोजित करने का पूरा खर्च, जिसमें शिक्षकों की सैलरी, लैब का रखरखाव, बिजली और आधुनिक बुनियादी ढांचा आदि का खर्च, खुद कॉलेज या यूनिवर्सिटी को उठाना पड़ता है। यही वजह है कि कॉलेज इस पूरे खर्च को निकालने के लिए इन कोर्सेज में दाखिला लेने वाले छात्रों से ही पूरी फीस वसूलते हैं। आज के समय में मार्केट की डिमांड को देखते हुए कई पारंपरिक सरकारी विश्वविद्यालय भी बीबीए, बीसीए, जर्नलिज्म और विभिन्न टेक्निकल डिप्लोमा जैसे कोर्सेज को सेल्फ फाइनेंस मोड में चलाने लगे हैं।

क्या होते हैं रेगुलर कोर्स?

दोनों कोर्स के बीच के अंतर के बारे में जानने से पहले छात्रों के लिए यह भी जानना जरूरी है कि रेगुलर कोर्सेज क्या होते हैं। हमे ये तो पता है कि हम कॉलेज रेगुलर कर रहे हैं लेकिन कोर्स रेगुलर है और इसका क्या अर्थ है यह नहीं। रेगुलर कोर्स (Regular Courses) वह होते हैं जिन्हें एडेड या गवर्नमेंट-फंडेड कोर्स भी कहा जाता है। वे पारंपरिक कोर्स होते हैं, जिन्हें सरकार या यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) जैसी संस्थाओं द्वारा भारी वित्तीय मदद या सब्सिडी दी जाती है। उदाहरण के लिए बीए, बीएससी, या बीकॉम (BCom) जैसे पारंपरिक कोर्स ज्यादातर रेगुलर मोड में चलते हैं। चूंकि इनका एक बड़ा खर्च सरकार उठाती है, इसलिए इनमें छात्रों को बेहद कम और किफायती फीस देनी पड़ती है।

सेल्फ फाइनेंस और रेगुलर कोर्स में मुख्य अंतर

इन दोनों कोर्स में बहुत अंतर है, आइए इसे पॉइंट में आपको समझाए-

1. फीस का बड़ा अंतर

रेगुलर कोर्स में फीस बेहद कम होती है, क्योंकि यह सरकारी सब्सिडी के दायरे में आता है। जबकि सेल्फ फाइनेंस कोर्स में फीस रेगुलर कोर्स की तुलना में काफी ज्यादा होती है। कॉलेज को कोर्स का पूरा खर्च छात्रों की फीस से ही निकालना होता है, इसलिए इसकी फीस व्यावसायिक स्तर पर तय की जाती है।

2. सीटों की संख्या

रेगुलर कोर्स में सीटों की संख्या पहले से पूरी तरह सीमित और फिक्स होती है। वहीं बात करें सेल्फ फाइनेंस कोर्स कि तो यहां कोर्स की मांग बाजार में बहुत ज्यादा है, तो यूनिवर्सिटी प्रशासन नियमों के तहत इसमें अतिरिक्त सीटें क्रिएट कर देती है।

3. कट-ऑफ और एडमिशन का तरीका

रेगुलर कोर्स में भले ही फीस कम होती है, लेकिन मुकाबला बहुत कड़ा होता है। इसलिए इसकी कट-ऑफ लिस्ट बहुत ऊंची जाती है। सेल्फ फाइनेंस कोर्स की ऊंची फीस के कारण यहां रेगुलर कोर्सेज के मुकाबले थोड़ी कम कट-ऑफ पर भी दाखिला मिलने की संभावना होती है।

4. इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं

सेल्फ फाइनेंस कोर्स के लिए छात्र मोटी फीस चुकाते हैं, इसलिए इन कोर्सेज के लिए अक्सर विशेष रूप से आधुनिक कंप्यूटर लैब, एसी क्लासरूम और इंडस्ट्री के विशेषज्ञ शिक्षक उपलब्ध कराए जाते हैं। वहीं रेगुलर कोर्स में यह सुविधाएं कॉलेज के सामान्य सरकारी फंड के दायरे में ही सीमित होती हैं।

क्या दोनों की डिग्री की वैल्यू भी होती है अलग?

दोनों कोर्स के बीच के अंतर को देखते हुए छात्रों के मन में अक्सर यह डर रहता है कि क्या सेल्फ फाइनेंस कोर्स की डिग्री की मान्यता रेगुलर कोर्स से कम होती है? तो इसका सीधा और साफ जवाब है—बिलकुल नहीं।

यदि आप एक ही यूनिवर्सिटी या कॉलेज से पढ़ाई कर रहे हैं, तो चाहे आपका कोर्स रेगुलर हो या सेल्फ फाइनेंस, परीक्षा के बाद मिलने वाली फाइनल डिग्री की कानूनी मान्यता, वैल्यू और जॉब मार्केट में अहमियत पूरी तरह बराबर होती है। कंपनियों या सरकारी नौकरियों में केवल आपकी डिग्री और आपकी स्किल्स को देखा जाता है, इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपने कितनी फीस देकर पढ़ाई की थी। इसलिए, यदि आपको अपने मनपसंद करियर ओरिएंटेड कोर्स में रेगुलर सीट नहीं मिल पा रही है, और आप अधिक फीस देने में सक्षम हैं, तो सेल्फ फाइनेंस कोर्स चुनना आपके भविष्य के लिए एक बेहतरीन फैसला हो सकता है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article