What is Medical Bond: नीट यूजी 2026 का री एग्जाम हो चुका है और अब लाखों छात्र रिजल्ट जारी होने और MBBS में एडमिशन का इंतजार है। मेडिकल कॉलेज में सीट मिलना हर छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, लेकिन एडमिशन से पहले कॉलेज और राज्य सरकार के नियमों को समझना भी बेहद जरूरी है। आज हम आपको मेडिकल बॉन्ड के बारे में बताएंगे। कई राज्यों में MBBS में दाखिले के समय छात्रों को यह बॉन्ड साइन करना पड़ता है। नियमों का पालन नहीं करने पर छात्रों को लाखों रुपये तक की रकम चुकानी पड़ सकती है।
क्या होता है 'मेडिकल बॉन्ड'
बता दें कि 20 लाख से अधिक उम्मीदवार MBBS-BDS समेत कई मेडिकल कोर्सेज में एडमिशन का इंतजार कर रहे हैं। नीट रिजल्ट 2026 जारी होने के बाद देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन की दौड़ शुरू हो जाएगी। इस बीच कई ऐसे नियम हैं जिन्हें जानना बेहद जरूरी है। इन्हीं में से एक है मेडिकल बॉन्ड।
क्या होता है मेडिकल बॉन्ड?
मेडिकल बॉन्ड छात्र और राज्य सरकार या मेडिकल संस्थान के बीच किया जाने वाला एक कानूनी समझौता होता है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टर कुछ तय अवधि तक सरकारी, ग्रामीण या जरूरत वाले क्षेत्रों में सेवा देते हैं। अलग-अलग राज्यों में बॉन्ड की शर्तें अलग हो सकती हैं। कई जगह MBBS और इंटर्नशिप पूरी करने के बाद डॉक्टरों को 1 से 5 साल तक सेवा करनी पड़ सकती है।
कितनी तरह के होते हैं मेडिकल बॉन्ड
- सर्विस बॉन्ड (Service Bond): कोर्स पूरा करने और इंटर्नशिप के बाद डॉक्टर को राज्य के सरकारी या ग्रामीण अस्पतालों में 1 से 3 साल तक काम करना होता है। यदि कोई छात्र यह सेवा नहीं देना चाहता, तो उसे तय जुर्माना राशि (पेनल्टी) सरकार को चुकानी पड़ती है।
- डिस्कंटिन्यूएशन बॉन्ड (Discontinuation Bond): यदि कोई छात्र बीच में ही कोर्स (MBBS/MD/MS) छोड़ देता है, तो उस स्थिति में भी भारी जुर्माना देना पड़ता है।
बॉन्ड तोड़ा तो क्या होगा?
अगर कोई छात्र या MBBS ग्रेजुएट तय शर्तों के अनुसार सरकारी सेवा नहीं करना चाहता, तो उसे बॉन्ड में तय रकम सरकार को चुकानी पड़ सकती है। कई मामलों में यह रकम लाखों रुपये तक होती है। हालांकि, बॉन्ड की राशि, सेवा अवधि और नियम राज्य के अनुसार अलग-अलग होते हैं। इसलिए छात्रों को एडमिशन से पहले अपने मेडिकल कॉलेज और राज्य की मौजूदा बॉन्ड पॉलिसी जरूर पढ़ लेनी चाहिए।
मेडिकल बॉन्ड के नियम पूरे देश में एक जैसे नहीं हैं। कुछ राज्यों में MBBS छात्रों पर कोई सर्विस बॉन्ड लागू नहीं है। वहीं, कई राज्यों में एक से दो साल तक ग्रामीण सेवा अनिवार्य है।
- महाराष्ट्र और कर्नाटक में 1 साल का बॉन्ड है, जिसमें बॉन्ड तोड़ने पर करीब 10 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।
- गुजरात में 1 साल की सेवा के लिए करीब 20 लाख रुपए तक की पेनल्टी का नियम है।
- उत्तर प्रदेश में 2 साल की सरकारी सेवा का नियम है।
- हरियाणा में 5 साल तक की सरकारी सेवा का बॉन्ड है, जिसमें जुर्माने की राशि 23 से 25 लाख रुपए से ज्यादा हो सकती है।
- राजस्थान: 2 साल का सर्विस बॉन्ड और 5 लाख रुपये का जुर्माना।
एडमिशन के समय किन बातों का रखें ध्यान
एमबीबीएस में एडमिशन का सपना देखने वाले छात्र सिर्फ फीस और कॉलेज की रैंकिंग देखकर फैसला न लें। कॉलेज चुनने से पहले मेडिकल बॉन्ड, अनिवार्य सेवा और पेनल्टी की शर्तों को समझ लें। MBBS की सीट मिलने के बाद बॉन्ड की शर्तों से अनजान रहना आगे चलकर परेशानी खडी कर सकता है।
