स्पोर्ट्स

एम्बाप्पे लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल से चूके, ‘गोल्डन बूट' की दौड़ में मेस्सी की बराबरी कायम, अब कौन हैं टॉप 5 गोल स्कोरर

Kylian Mbappe And Lionel Messi Tied On Golden Boot Award Race: स्पेन ने फ्रांस को फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में हराकर दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। जिसके साथ ही फ्रांस के कप्तान किलियिन एम्बाप्पे करियर में तीसरी बार फाइनल में पहुंचने से चूक गए। हालांकि, सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को मिलने वाले गोल्डन बूट अवॉर्ड की रेस में अब भी वो मेस्सी के साथ दौड़ में बने हुए हैं। अब भी एम्बाप्पे के पास एक और मौका और होगा इस अवॉर्ड को हासिल करने के लिए।

Image

फीफा विश्व कप 2026 में गोल्डन बूट अवॉर्ड की रेस (AI Generated Image)

FIFA World Cup Golden Boot Race: फ्रांस फुटबॉल टीम के कप्तान व मुख्य स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे का लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया लेकिन चार साल पहले गोल्डन बूट जीतने वाले एम्बाप्पे इस बार भी अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेस्सी के साथ टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।

विश्व कप सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ 0-2 की हार के दौरान एम्बाप्पे अपनी टीम के लिए ज्यादा मौके नहीं बना सके। उनके और मेस्सी के नाम अब तक आठ-आठ गोल दर्ज हैं। मेस्सी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में स्पेन के खिलाफ खेलेगी।

'गोल्डन बूट' की रेस में कौन-कौन से खिलाड़ी?

रैंकखिलाड़ीराष्ट्रीय टीमगोल
1.किलियन एम्बाप्पेफ्रांस8
2.लियोनेल मेसीअर्जेंटीना8
3.अर्लिंग हालैंडनॉर्वे7
4.हैरी केनइंग्लैंड6
5.जूड बेलिंगहैमइंग्लैंड6
फ्रांस अब शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से भिड़ेगा। स्पेन के खिलाफ मुकाबले के पहले हाफ में एम्बाप्पे ने सभी फॉरवर्ड खिलाड़ियों में सबसे कम केवल 15 बार गेंद को छुआ। उनका सबसे उल्लेखनीय क्षण वह रहा, जब उन्होंने रेफरी इवान बार्टन को यह समझाने की कोशिश की कि स्पेन को मिली पेनल्टी को नहीं दिया जाना चाहिए था। स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल ने इसे गोल में बदल कर टीम का खाता खोला।

एम्बाप्पे के पास मैच में सबसे अच्छा मौका 67वें मिनट में आया, जब उनका शॉट स्पेन के डिफेंडर मार्क कुकुरेला से टकराकर थोड़ा बाहर चला गया। हालांकि, उस समय तक फ्रांस दो गोल से पिछड़ चुका था। इस 27 वर्षीय खिलाड़ी को 86वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया। वह स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन की ओर तेजी से बढ़े, जब सिमोन झुककर गेंद उठाने की कोशिश कर रहे थे। दोनों के बीच टक्कर हुई, जिसके बाद सिमोन मैदान पर गिर गए।

एम्बाप्पे ने स्पेन के खिलाफ मुकाबले में शुरुआती एकादश में वापसी की थी। इससे पहले मोरक्को के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वह 77वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए थे। उस मुकाबले में उन्होंने टूर्नामेंट का अपना आठवां गोल किया था। एम्बाप्पे ने चार साल पहले कतर विश्व कप में भी आठ गोल किए थे, जहां फाइनल में फ्रांस को मेस्सी और अर्जेंटीना के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा था। इससे आठ साल पहले रूस में हुए विश्व कप में फ्रांस ने क्रोएशिया को हराकर चैंपियन बना था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article