उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) राज्य की कई महत्वपूर्ण ग्रुप 'सी' (Group C) सरकारी नौकरियों के लिए पहला और सबसे जरूरी कदम है। इस परीक्षा के लिए या अन्य भर्ती परीक्षाओं के अब उम्मीदवारों को बार-बार खुद को रजिस्टर करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि UPSSSC ने इन सभी के लिए ओटीआर यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन सिस्टम लागू कर दिया है। यदि आप भी उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रक्रिया के बारे में समझना और उसके आवेदन कैसे करें आदि के बारे में जानना जरूरी है।
वन टाइम रजिस्ट्रेशन क्या है?
वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR एक ऐसी डिजिटल व्यवस्था है, जिसके तहत उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारियां आयोग के पोर्टल पर सिर्फ एक बार दर्ज करनी होती हैं। आसान शब्दों में समझे तो आपको हर बार नई वैकेंसी के लिए अपना नाम, माता-पिता का नाम, पता और अन्य संबंधित डिटेल्स अपलोड नहीं करनी पड़ेगी। एक बार OTR पूरा होने पर आपको एक यूनिक OTR नंबर मिल जाएगा, जिसकी मदद से आप भविष्य में आने वाले किसी भी फॉर्म को कुछ ही सेकंड में भर सकेंगे और गलतियों की गुंजाइश भी कम होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - NIFT Counselling 2026: निफ्ट काउंसलिंग के तीसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी, जानें फीस जमा करने की आखिरी तारीख और प्रक्रिया
UPSSSC के लिए कौन कर सकता है OTR?
उत्तर प्रदेश में UPSSSC द्वारा निकाल जाने वाली भर्ती परीक्षाओं के लिए ओटीआर करने के लिए उम्मीदवारों को कुछ महत्वपूर्ण शर्तों को पूरा करना अनिवार्य है, जो इस प्रकार है -
- वे सभी उम्मीदवार जिन्होंने मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं कक्षा या उसके समकक्ष परीक्षा पास कर ली है, वे OTR के लिए योग्य हैं।
- 12वीं, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार भी अपनी उच्च योग्यता के साथ इसमें रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
- ओटीआर के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए
- अधिकतम आयु सीमा सामान्य तौर पर 40 वर्ष है, जिसमें आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार छूट मिलती है।
- उम्मीदवारों को बता दें कि भले ही यह यूपी सरकार की परीक्षा है, लेकिन भारत नागरिक, जो किसी भी राज्य का निवासी है पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकता है।
कौन नहीं कर सकता है OTR?
- 10वीं से कम योग्यता वाले उम्मीदवार ओटीआर नहीं कर सकते हैं।
- 18 वर्ष से कम आयु के उम्मीदवार इसके लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं।
- आयोग द्वारा प्रतिबंधित उम्मीदवार भी इसके लिए रजिस्टर नहीं कर सकते है।
OTR के लिए स्टेप-बाय-स्टेप कैसे करें रजिस्ट्रेशन
यूपी PET और अन्य परीक्षाओं के लिए OTR करना बेहद आसान है. आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
स्टेप 1 - सबसे पहले UPSSSC की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2 - होमपेज पर OTR यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3 - अपने वैलिड मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, नाम और जन्मतिथि दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करें।
स्टेप 4 - रजिस्टर करते ही आपके नंबर और ईमेल पर एक ओटीपी (OTP) आएगा, जिसे वेरिफाई करना होगा।
स्टेप 5 - वेरिफिकेशन के बाद पासवर्ड बनाएं और लॉगिन करें।
स्टेप 6 - अब अपनी पर्सनल डिटेल्स और शैक्षणिक योग्यता ध्यान से भरें।
स्टेप 7 - अपनी पासपोर्ट साइज फोटो, सिग्नेचर और जरूरी सर्टिफिकेट्स को स्कैन करके निर्धारित साइज में अपलोड करें।
स्टेप 8 - भरी गई सभी जानकारियों को एक बार दोबारा चेक करें। सब सही होने पर प्रोफाइल को फाइनल सबमिट या लॉक कर दें।
स्टेप 9 - इसके बाद आपका OTR नंबर जनरेट हो जाएगा।
ओटीआर की अंतिम तिथि क्या है?
उम्मीदवारों को बता दें कि ओटीआर (OTR) की कोई आखिरी तारीख नहीं होती है, यह पोर्टल पूरे साल खुला रहेगा। हालांकि PET या किसी भी नई वैकेंसी का नोटिफिकेशन आने पर वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ जाता है, जिससे सर्वर स्लो होने की समस्या आ सकती है। इसलिए भर्ती के आने से पहले ही वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें ताकि आवेदन के दौरान इस प्रोसेस से गुजरने की बजाए आप तुरंत फॉर्म भरकर सबमिट कर सकें।
