उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की APAAR ID बनाने को लेकर स्कूलों को जरूरी निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने स्कूलों से कहा है कि वे अधिक से अधिक छात्रों की APAAR ID बनवाएं और उसे एडवांस रजिस्ट्रेशन तथा परीक्षा आवेदन से जुड़े रिकॉर्ड में दर्ज करें। यहां राहत की बात यह है कि जिन छात्रों की APAAR ID अभी नहीं बनी है, उन्हें रजिस्ट्रेशन या बोर्ड परीक्षा का आवेदन करने से नहीं रोका जाएगा। UP Board में कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। वहीं कक्षा 10 और 12 के छात्रों के बोर्ड परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया भी जारी है। इसी बीच बोर्ड ने स्कूलों को छात्रों की APAAR ID बनाने और उसे संबंधित रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए कहा है।
स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ तालमेल बैठाकर यह प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड का लक्ष्य है कि रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख से पहले ज्यादा से ज्यादा छात्रों की APAAR ID रिकॉर्ड में दर्ज हो जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NTA में तीन बड़े अधिकारियों की नियुक्ति, IRS और IPS अफसरों को मिली अहम जिम्मेदारी
क्या APAAR ID के बिना बोर्ड परीक्षा का फॉर्म नहीं भर पाएंगे?
UPMSP ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल APAAR ID को रजिस्ट्रेशन या बोर्ड परीक्षा का आवेदन करने के लिए अनिवार्य नहीं किया गया है। अगर किसी छात्र की APAAR ID अभी तक नहीं बनी है, तो वह अपना रजिस्ट्रेशन या परीक्षा आवेदन कर सकता है। हालांकि, बोर्ड स्कूलों से लगातार प्रयास करने को कह रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों की डिजिटल आईडी तैयार हो सके।
क्या है APAAR ID?
APAAR का पूरा नाम Automated Permanent Academic Account Registry है। यह छात्रों के लिए बनाई जाने वाली 12 अंकों की स्थायी डिजिटल पहचान है। इसका उद्देश्य विद्यार्थी के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से एक जगह से जोड़ना है। छात्र की पढ़ाई के दौरान प्राप्त होने वाले महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेजों को APAAR ID से लिंक किया जा सकता है। इससे आगे चलकर अलग-अलग संस्थानों में एडमिशन, स्कॉलरशिप या अन्य आधिकारिक कामों के दौरान रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में सुविधा हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Public Exam Reforms: केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए उठाया बड़ा कदम
