उत्तर प्रदेश में प्रधानाचार्य बनने का मौका तलाश रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती के तहत इंटरमीडिएट स्तर के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के पद भरे जाएंगे। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 1,475 पदों में बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं।
UP में प्रधानाचार्य भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को One Time Registration (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि OTR पूरा होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP TGT के 17,735 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, जानें कब होगी परीक्षा
आवेदन से जुड़ी जरूरी तारीखें
| प्रक्रिया | तारीख |
| विज्ञापन जारी होने की तारीख | 23 अक्टूबर 2026 |
| ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन शुरू | 23 अक्टूबर 2026 |
| आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख | 22 नवंबर 2026 |
| आवेदन फॉर्म सबमिट करने की अंतिम तारीख | 26 नवंबर 2026 |
| परीक्षा की तारीख | 7 जनवरी 2027 |
कहां और कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsessb.up.gov.in पर जाकर भर्ती से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सबसे पहले OTR पूरा करें, फिर लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें। इसके बाद निर्धारित शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें।
आवेदन पूरा करने से पहले सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें, ताकि किसी गलती के कारण परेशानी न हो।
जनवरी 2027 में होगी परीक्षा
आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानाचार्य भर्ती परीक्षा 7 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य जरूरी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें। भर्ती से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
