UP Pre Primary Schools Free Uniform: उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्री-प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को भी स्कूल यूनिफॉर्म और जूता-मोजा उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस सुविधा के तहत बच्चों के अभिभावकों के बैंक खाते में निर्धारित राशि भेजी जाएगी। अभी तक प्री-प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों को इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा था। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया यानी पीएम श्री योजना के तहत संचालित प्री प्राइमरी स्कूलों से की जाएगी।
यूपी में छोटे प्री-प्राइमरी छात्रों को मुफ्त यूनिफॉर्म व जूता-मोजा
बता दें बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश में कुल 1235 पीएम श्री विद्यालय ऐसे हैं, जहां प्री-प्राइमरी कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब ड्रेस और जूता-मोजा खरीदने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।
यूनिफॉर्म के लिए 1200 रुपये की मदद
परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पहले से ही स्कूल यूनिफॉर्म, जूता-मोजा समेत अन्य जरूरी सामग्री खरीदने के लिए 1200 रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि डीबीटी यानी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी के माध्यम से विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खाते में भेजी जाती है। अब इसी व्यवस्था को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के छात्रों को भी लाभ मिल सकेगा।
अभिभाकों के बैंक खाते की जानकारी
इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में पीएम श्री विद्यालयों के प्री प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों से संबंधित जानकारी मांगी है। योजना की राशि अभिभावक के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी। इससे वे बच्चों के लिए निर्धारित स्कूल ड्रेस और जूता मोजा आदि खरीद सकेंगे।
स्कूल यूनिफॉर्म से बढ़ेगी बच्चों की रुचि
अधिकारियों का मानना है कि बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस की सुविधा मिलने से उनमें विद्यालय जाने के प्रति आकर्षण और रुचि बढ़ सकती है। परिषदीय स्कूलों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को धीरे-धीरे प्री-प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को शुरुआती स्तर पर सीखने के लिए तैयार करना और कक्षा एक में प्रवेश से पहले उनकी बुनियादी शैक्षणिक क्षमता विकसित करना है। इसी दिशा में अब बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
29 एडेड स्कूलों की होगी मरम्मत
उत्तर प्रदेश में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके तहत तीन नए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही 29 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की मरम्मत और सुधार का कार्य किया जाएगा। इसके लिए करीब 14.76 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।
