UP PET 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस परीक्षा का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को प्रदेश के 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर किया जाएगा। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 35 लाख 41 हजार 297 अभ्यर्थी शामिल होंगे जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। यह परीक्षा यूपी में ग्रुप C सरकारी पदों पर भर्ती के लिए जरूरी होती है। पैटर्न की बात करें तो ये एग्जाम ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और हर प्रश्न एक नंबर का होगा।
यूपी पीईटी सिलेबस
ध्यान रखने वाली बात ये है कि 2 घंटे की इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है यानि हर गलत आंसर पर एक चौथाई नंबर कट सकता है। सिलेबस की बात करें तो पीईटी के पेपर में भारतीय इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, भारतीय संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक अंकगणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी और तर्क एवं तर्कशक्ति के पांच पांच सवाल पूछे जाएंगे।
वहीं, करंट अफेयर्स, जनरल अवेयरनेस, हिंदी गद्यांश विश्लेषण, ग्राफ की व्याख्या एवं विश्लेषण और टेबल की व्याख्या एवं विश्लेषण के 10-10 सवाल पेपर में शामिल होंगे। एक तरफ 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी एग्जाम की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं योगी सरकार ने भी परीक्षा कराने की अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। परीक्षा केंद्रों पर सर्विलांस कैमरे और वेरिफिकेशन का इंतजाम किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात और भीड़ नियंत्रण के भी पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
