UP Madarsa Board Result 2026 OUT: उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ (UP Madarsa Board) ने वर्ष 2026 की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा कर दी गई है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र madarsaboard.upsdc.gov.in से अपने परिणाम चेक कर सकते हैं। बता दें कि इस बार का कुल पास प्रतिशत 88.26% रहा है। परीक्षा के नतीजों में एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी है और उनका प्रदर्शन छात्रों के मुकाबले काफी बेहतर रहा है।
UP Madarsa Board Result 2026 OUT (Photo - AI)
मदरसा बोर्ड परीक्षा 2026 रिजल्ट
इस साल बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 80,933 छात्रों ने रजिस्टर किया था, जिनमें से 63,211 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। कुल शामिल होने वाले छात्रों में से 55,788 को सफल घोषित किया गया है। जिसके अनुसार, इस साल का पास प्रतिशत 88.26 रहा। इसमें छात्राओं का पास प्रतिशत 94.30% (29,229 छात्राएं सफल) और छात्रों का पास प्रतिशत 85.13% (26,559 छात्र सफल) रहा।
सेकेंडरी परीक्षा का प्रदर्शन
यूपी मदरसा बोर्ड द्वारा आयोजित की गई सेकेंडरी स्तर की परीक्षा में कुल 47,036 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 41,426 (88.07%) सफल रहे। यहां 21,407 छात्राएं 91.46% सफलता दर के साथ पास हुई, जबकि 20,019 छात्र 84.72% अंक के साथ पास हुए।
सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में भी बेटियां आगे
सीनियर सेकेंडरी यानी आलिम परीक्षा में कुल 16,175 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 14,362 (88.79%) परीक्षार्थी पास हुए। इसमें परीक्षा देने वाली छात्राओं का पास प्रतिशत 90.88% (7,822 छात्राएं पास) रहा। जबकि शामिल होने वाले छात्रों का पास प्रतिशत 86.42% (6,540 छात्र पास) दर्ज किया गया।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई परीक्षा
योगी सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग सीधे मदरसा बोर्ड मुख्यालय से की जा रही थी।
रिजल्ट कैसे चेक करें?
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राएं मदरसा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट madarsaboard.upsdc.gov.in पर जाकर अपना डिजिटल रिजल्ट ऑनलाइन देख सकते हैं।
