UP IAS PCS Free Coaching Admission: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा (IAS) या राज्य लोक सेवा आयोग की प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) परीक्षा अधिकांश छात्रों का सपना है, लेकिन महंगी कोचिंग फीस और पढ़ाई का भारी-भरकम खर्च कई बार होनहार छात्रों के रास्ते में बाधा बन जाता है। ऐसे ही प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पंख देने के लिए यूपी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले से यूपीएससी या पीसीएस परीक्षा की तैयारी करने की इच्छा रखने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिली है। क्योंकि यह उनके लिए एक बेहतरीन अवसर से कम नहीं है।
उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग (UP SWD) ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए 'मुफ्त IAS-PCS कोचिंग योजना' की शुरुआत की है। इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। बता दें कि इस योजना के माध्यम से राज्यभर के विभिन्न प्रतिष्ठित सरकारी कोचिंग सेंटरों में कुल 865 सीटों पर योग्य छात्रों को बिल्कुल मुफ्त में तैयारी कराई जाएगी। आइए जानते हैं कि इसके लिए कौन आवेदन कर सकता है, आवेदन की अंतिम तिथि क्या है आदि के बारे में-
आवेदन की लास्ट डेट क्या है?
समाज कल्याण विभाग द्वारा शुरू की गई मुफ्त IAS-PCS कोचिंग योजना (UP IAS PCS Free Coaching) के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 मई से शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 जून 2026 है। लेकिन उन्हें सलाह दी जाती है कि समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, क्योंकि विंडो बंद होने के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से मिलेगा मुफ्त कोचिंग का मौका
जी हां, आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को ही मुफ्त कोचिंग का लाभ मिलेगा। इसके लिए परीक्षा का आयोजन 5 जुलाई को किया जाएगा, जिसके एडमिट कार्ड 10 दिन पहले यानी 25 जून 2026 को जारी किए जाएंगे। परीक्षा के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद रिजल्ट की घोषणा 28 जुलाई 2026 को की जाएगी। मुफ्त कोचिंग का बैच 1 अगस्त 2026 से शुरू हो जाएगा।
नहीं देना होगा कोई आवेदन शुल्क
इस प्रवेश परीक्षा फॉर्म को भरने की सबसे अच्छी बात यह भी है कि छात्रों को इसके लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं देना। कोचिंग की तरह यह भी उनके लिए पूरी तरह से निशुल्क है। बता दें कि एससी, एसटी, ओबीसी या फिर दिव्यांग श्रेणी के सभी उम्मीदवारों को कि आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
कौन कर सकता है आवेदन
फ्री कोचिंग योजना में शामिल केवल वह उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं, जिनके पास भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएशन की डिग्री है। आवेदक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए।
इन शहरों में बनेंगे कोचिंग सेंटर
इस योजना के अंतर्गत राज्य के प्रमुख शहरों में कुल 865 सीटों पर कोचिंग की व्यवस्था की गई है। बता दें कि मुफ्त कोचिंग का लाभ छात्रों को लखनऊ, प्रयागराज, हापुड़, गोरखपुर, वाराणसी और अलीगढ़ समेत कई शहरों में मिलेगा। क्योंकि इन स्थानों पर कोचिंग सेंटर बनाए जाएंगे
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
स्टेप 1 - सबसे पहले समाज कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट socialwelfareup.upsdc.gov.in पर जाएं।
स्टेप 2 - वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए "SWD Uttar Pradesh 2026 Apply Online" लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3 - अपनी बुनियादी जानकारी दर्ज करके नया रजिस्ट्रेशन (Registration) करें।
स्टेप 4 - इसके बाद अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से लॉगिन करें।
स्टेप 5 - आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और जाति वर्ग का विवरण सही-सही भरें।
स्टेप 6 - अपनी पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और मांगे गए जरूरी दस्तावेज (जैसे ग्रेजुएशन मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र) अपलोड करें।
स्टेप 7 - पूरे फॉर्म को एक बार ध्यान से जांच लें और फिर 'सबमिट' बटन पर क्लिक करें।
स्टेप 8 - भविष्य के संदर्भ के लिए भरे हुए आवेदन पत्र का एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
क्या है योजना की चयन प्रक्रिया
मुफ्त कोचिंग का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा में शामिल होना होगा। इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों से सिविल सेवा परीक्षा के स्तर के सवाल पूछे जाएंगे। इसे सफलतापूर्वक पास करने वाले उम्मीदवारों को मुफ्त कोचिंग प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। बता दें कि परीक्षा में सामान्य अध्ययन, रीजनिंग, करेंट अफेयर्स और प्रशासनिक अभिरुचि के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा संपन्न होने के बाद उम्मीदवारों के अंकों के आधार पर एक राज्य स्तरीय मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसी मेरिट के आधार पर सफल छात्रों को उनके पसंदीदा कोचिंग सेंटरों में सीटें आवंटित की जाएंगी।
