एजुकेशन

Balamrutham Scheme: तेलंगाना सरकार का बड़ा फैसला, नर्सरी से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगा मुफ्त नाश्ता और लंच

Balamrutham Scheme: तेलंगाना सरकार ने राज्य के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम लेते हुए नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक सुबह का नाश्ते और दोपहर के भोजन देने के लिए व्यापक प्रोग्राम की शुरुआत की है।

Image

तेलंगाना में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक फ्री ब्रेकफास्ट और लंच देने की स्कीम

Balamrutham Scheme: तेलंगाना सरकार ने राज्य के स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी छात्रों के लिए मुफ्त नाश्ते और दोपहर का लंच देने (Free Breakfast and Lunch Scheme) का एक व्यापक प्रोग्राम शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बच्चों के पौष्टिक पूरक आहार से जुड़ी 'बालमृतम' स्कीम के एक नए प्लांट का उद्घाटन करने के दौरान की। उन्होंने कहा कि यह फैसला एक 'विकसित और स्वस्थ तेलंगाना' के निर्माण को सुनिश्चित करने की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

क्यों शुरू की गई यह योजना?

मुख्यमंत्री ने इस योजना को शुरू करने के पीछे की मुख्य वजह को साझा करते हुए बताया कि गरीब परिवारों के माता-पिता को अक्सर सुबह-सुबह ही काम के सिलसिले में घर से निकलना पड़ता है। ऐसी स्थिति में माताओं के पास सुबह बच्चों के लिए नाश्ता तैयार करने का पर्याप्त समय नहीं होता। इसी समस्या को दूर करने और बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सरकार ने स्कूल में मुफ्त पौष्टिक भोजन देने की जिम्मेदारी उठाई है।

शिक्षा पर सालाना 27,000 करोड़ रुपये का खर्च

तेलंगाना सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए बड़े पैमाने पर बजट आवंटित कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र पर हर साल लगभग 27,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इस भारी-भरकम बजट का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और पढ़ाई के स्तर को बड़े-बड़े कॉर्पोरेट या प्राइवेट शिक्षण संस्थानों के बराबर लाना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार शिक्षा पर होने वाले इस खर्च को बोझ नहीं, बल्कि देश के भविष्य के लिए एक 'निवेश' मानती है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसी वोट-बैंक की राजनीति के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही हैं।

क्या है 'बालमृतम' पहल?

'बालमृतम' तेलंगाना सरकार की एक बेहद लोकप्रिय और अनूठी पहल है। यह इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विसेज (ICDS) के तहत काम करती है, जिसका मुख्य काम छोटे बच्चों को मुफ्त में अत्यधिक पौष्टिक और पूरक आहार (Weaning Food) उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास सही तरीके से हो सके।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article