SSC Constable GD Exam: एसएससी मध्य क्षेत्र ने तकनीकी कारणों के चलते प्रयागराज सहित पांच जिलों में आयोजित कांस्टेबल जीडी 2026 की सोमवार की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी है। सोमवार को परीक्षार्थी एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा देने के लिए प्रयागराज के अंदावा के एक परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन वहां अव्यवस्थाओं का अंबार था। इसके बाद कर्मचारी चयन आयोग की एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा के अभ्यर्थियों का हंगामा देखने को मिला। परीक्षा न दे पाने पर परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ की और हंगामे के बाद सड़क पर जाम भी लगाया। इसके बाद एसएससी मध्य क्षेत्र ने तकनीकी कारणों के चलते प्रयागराज सहित पांच जिलों में आयोजित कांस्टेबल जीडी 2026 की सोमवार की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी है। प्रयागराज के अलावा कानपुर लखनऊ गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी है।
SSC GD Exam Cancelled
बता दें कि केंद्र पर अव्यवस्थाओं के चलते अभ्यर्थी परीक्षा में हिस्सा ना ले पाने से आक्रोशित हो गए। इसके बाद परीक्षार्थियों ने परीक्षा कक्ष में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू के अलावा कुर्सी और फर्नीचर में तोड़फोड़ की। परीक्षार्थियों के हंगामे से परीक्षा केंद्र में अफरा तफरी मच गई। परीक्षार्थियों का आरोप था कि जब बैठने की जगह नहीं थी। सवाल है कि इतनी दूर भीषण गर्मी में अधिक संख्या में परीक्षार्थियों को क्यों बुला लिया गया।
रद्द हुई परीक्षा
एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना परीक्षा केंद्र पर चस्पा होने के बाद छात्र वापस चले गए। एसएससी मध्य क्षेत्र में परीक्षा की जिम्मेदारी बेंगलुरु की कंपनी एडूक्विटी कॅरियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को दी है। जानकारी के अनुसार, अंदावा स्थित आईटेक जोन सेंटर पर द्वितीय और तृतीय पाली की परीक्षा के लिए कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे। दूसरी पाली में 505 की जगह 1035 परीक्षार्थी और तीसरी पाली में 495 की जगह 1034 परीक्षार्थियों का केंद्र आवंटित कर दिया है।
केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवंटन की जानकारी सोमवार को ही केंद्र को ईमेल पर दी गई। इसके बाद क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के पहुंचने पर अफरा तफरी मच गई। परीक्षार्थियों के तोड़फोड़ और जाम लगाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। ट्रेनी आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर, एसीपी फूलपुर विवेक यादव और सराय इनायत थाना अध्यक्ष संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उग्र परीक्षार्थियों को समझा-बुझाकर चक्का जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। वहीं लैपटॉप लेकर भाग रहे एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया।
