Manipur School Closed News in Hindi: मणिपुर में हिंसा थमने का नाम ही नहीं ले रही है। राज्य में कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात को देखते हुए इंटरनेट सेवाओं पर पांबदी लगा दी गई है। वहीं, हायर एंड टेक्निकल एजुकेशन डिपार्टमेंट ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य में अगले दो दिनों के लिए सभी स्कूल और कॉलेज को बंद करने का आदेश जारी किया है। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, ‘सरकार के 8 सितंबर के आदेश के क्रम में, यह आदेश दिया जाता है कि मणिपुर के हायर एंड टेक्निकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कॉलेज/सहायता प्राप्त कॉलेज/ निजी कॉलेज 11 सितंबर (बुधवार) से 12 सितंबर (गुरुवार) तक बंद रहेंगे।’
School Closed
मणिपुर सरकार ने बढ़ते छात्र विरोध प्रदर्शन के कारण घाटी के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। इससे पहले राज्य सरकार ने पूरे राज्य में पांच दिनों के लिए इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने की अधिसूचना जारी की थी। हाल ही में संशोधित आदेश के अनुसार, छात्रों द्वारा तीव्र आंदोलन के मद्देनजर इंटरनेट सेवाओं का निलंबन केवल राज्य के पांच घाटी जिलों पर लागू होता है। अधिकारियों ने कहा कि पहाड़ी जिले आदेश के दायरे में नहीं आते हैं।
आधिकारिक नोटिस में लिखा है, 'मणिपुर के इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में लीज लाइन, वीसैट, ब्रॉडबैंड और वीपीएन सेवाओं सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं का अस्थायी निलंबन 10 सितंबर दोपहर 3 बजे से अगले 5 दिनों के लिए प्रभावी होगा।
