RRB NTPC Graduate Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड यानी आरआरबी ने एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे अब 8 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक अपना ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आरआरबी ने इस भर्ती के लिए पहले आवेदन की अंतिम तिथि 6 नवंबर निर्धारित की थी। अब इसे बढ़ाकर 8 नवंबर कर दिया गया है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 8 नवंबर 2026 ही रहेगी। इस फैसले से उन उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय मिला है, जो किसी कारणवश तय समय के भीतर आवेदन नहीं कर सके थे।
RRB NTPC Graduate Level 2026
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती केंद्रीय रोजगार सूचना CEN 06/2026 के तहत आयोजित की जा रही है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 3,548 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें गुड्स ट्रेन मैनेजर, चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट-कम-टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट जैसे पद शामिल हैं। इन पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री आवश्यक है।
मिलेगा सुधार का मौका
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने फॉर्म में सुधार का भी मौका मिलेगा। आरआरबी के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन फॉर्म में संशोधन के लिए 9 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी। हालांकि, अकाउंट बनाते समय दर्ज की गई कुछ जानकारियों और चुने गए आरआरबी में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और आवेदन करते समय अपनी व्यक्तिगत व शैक्षणिक जानकारी ध्यान से भरें। फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें। आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की जांच जरूर कर लें।
