RRB NTPC Exam 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC (नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी) अंडरग्रेजुएट भर्ती परीक्षा 2026 के CBT-1 परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया है, उनके लिए यह महत्वपूर्ण अपडेट है। नए शेड्यूल के अनुसार अब CBT-1 की बची हुई परीक्षाएं 13 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इससे पहले 7, 8 और 9 मई को निर्धारित परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं।
RRB द्वारा जारी सूचना के मुताबिक उम्मीदवार परीक्षा से जुड़ी शहर सूचना पर्ची (City Intimation Slip) और SC/ST वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं एडमिट कार्ड या कॉल लेटर परीक्षा की निर्धारित तिथि से 4 दिन पहले संबंधित RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
उम्मीदवार अपने क्षेत्र की RRB वेबसाइट पर जाकर परीक्षा शहर, परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड से जुड़ी सभी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें ताकि किसी भी नए अपडेट की जानकारी तुरंत मिल सके।

RRB NTPC Exam 2026
एक नजर परीक्षा पैटर्न पर
अगर परीक्षा पैटर्न की बात करें तो CBT-1 में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। प्रश्न पत्र में सामान्य जागरूकता से 40 प्रश्न, गणित से 30 प्रश्न और सामान्य बुद्धिमत्ता एवं रीजनिंग से 30 प्रश्न शामिल होंगे। CBT-1 केवल स्क्रीनिंग परीक्षा होगी और इसके आधार पर उम्मीदवारों को अगले चरण CBT-2 के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
3,058 पदों पर होनी है भर्ती
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 3,058 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 2,424 पद, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 394 पद, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 163 पद और ट्रेन्स क्लर्क के 77 पद शामिल हैं। रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।
