Railway Recruitment 2026: भारतीय रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार खबर सामने आई है। रेल मंत्रालय (Ministry of Railways) ने देश भर के विभिन्न रेलवे जोन में ऑपरेशनल सेफ्टी को मजबूत करने और काम काज की कुशलता को और बेहतर बनाने के लिए 4,098 तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के इस फैसले से न केवल रेलवे का सुरक्षा तंत्र मजबूत होगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
Railway Recruitment 2026 (Photo - Canva)
35 तकनीकी श्रेणियों में भरे जाएंगे पद
इस भर्ती के संबंध में रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मंत्रालय ने कुल 35 तकनीकी श्रेणियों में खाली पदों को भरने का निर्णय लिया है। इनमें से अधिकांश पद सीधे तौर पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और रखरखाव से जुड़े हैं। इस भर्ती अभियान के तहत जूनियर इंजीनियर, डिपो मटिरियल सुपरिटेंडेंट और रसायन व धातुकर्म सहायक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - FMGE June 2026 Result: एफएमजीई जून रिजल्ट जारी, डारेक्ट लिंक से करें पीडीएफ डाउनलोड
किस विभाग में हैं सबसे अधिक रिक्तियां?
रेल मंत्रालय ने सभी रेलवे जोन के जनरल मैनेजर को एक आधिकारिक सर्कुलर भेजा है। इसके अनुसार, आंतरिक मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) के जरिए खाली पदों का आकलन करने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। पहचान की गई रिक्तियों में सबसे प्रमुख विभाग इस प्रकार हैं -
| परमानेंट वे (पटरी का रखरखाव) | इस श्रेणी में सबसे अधिक 845 पद स्वीकृत किए गए हैं |
| वर्कशॉप | वर्कशॉप श्रेणी के तहत 470 पदों पर भर्ती होगी |
| कैरेज एंड वैगन | इस विभाग में 450 रिक्तियां भरी जाएंगी |
कब जारी होगी अधिसूचना?
रेल मंत्रालय ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), बेंगलुरु के अध्यक्ष के साथ विचार-विमर्श करने के बाद इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए एक समय-सीमा तय की है। तय शेड्यूल के अनुसार, नोडल आरआरबी द्वारा 21 जुलाई 2026 को इस भर्ती के लिए केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आपको बता दें कि इससे पहले भी मंत्रालय की मंजूरी के बाद 6,565 तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई थी, जिसमें सिग्नल तकनीशियन ग्रेड-1 और ग्रेड-3 के पद शामिल थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Tripura के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाना अनिवार्य, मुख्यमंत्री माणिक साहा ने की घोषणा
कर्मचारी संघों ने जताई खुशी
रेलवे के कई प्रमुख कर्मचारी संघों ने संरक्षा जैसी बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण श्रेणी में खाली पदों को भरने के इस निर्णय का स्वागत किया है। यूनियनों का मानना है कि नए तकनीकी कर्मचारियों के आने से ट्रेनों के संचालन में कार्य कुशलता बढ़ेगी और रात-दिन काम कर रहे मौजूदा कर्मचारियों पर से अत्यधिक काम का बोझ भी कम होगा।
