एजुकेशन

Railway Recruitment 2026: रेलवे में निकली बंपर भर्ती, रेल मंत्रालय ने संरक्षा मजबूत करने के लिए 4,098 तकनीकी पदों को दी मंजूरी

Railway Recruitment 2026: रेल मंत्रालय ने देश भर के विभिन्न रेलवे जोन में ऑपरेशनल सेफ्टी को मजबूत करने और काम काज और कुशल बनाने के लिए 4 हजार से अधिक टेक्निकल पदों पर भर्ती निकालने के लिए मंजूरी दे दी है। जल्द ही इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी किया जाएगा।

Image

Railway Recruitment 2026 (Photo - Canva)

Railway Recruitment 2026: भारतीय रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार खबर सामने आई है। रेल मंत्रालय (Ministry of Railways) ने देश भर के विभिन्न रेलवे जोन में ऑपरेशनल सेफ्टी को मजबूत करने और काम काज की कुशलता को और बेहतर बनाने के लिए 4,098 तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के इस फैसले से न केवल रेलवे का सुरक्षा तंत्र मजबूत होगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।

35 तकनीकी श्रेणियों में भरे जाएंगे पद

इस भर्ती के संबंध में रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मंत्रालय ने कुल 35 तकनीकी श्रेणियों में खाली पदों को भरने का निर्णय लिया है। इनमें से अधिकांश पद सीधे तौर पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और रखरखाव से जुड़े हैं। इस भर्ती अभियान के तहत जूनियर इंजीनियर, डिपो मटिरियल सुपरिटेंडेंट और रसायन व धातुकर्म सहायक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

किस विभाग में हैं सबसे अधिक रिक्तियां?

रेल मंत्रालय ने सभी रेलवे जोन के जनरल मैनेजर को एक आधिकारिक सर्कुलर भेजा है। इसके अनुसार, आंतरिक मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) के जरिए खाली पदों का आकलन करने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। पहचान की गई रिक्तियों में सबसे प्रमुख विभाग इस प्रकार हैं -

परमानेंट वे (पटरी का रखरखाव)इस श्रेणी में सबसे अधिक 845 पद स्वीकृत किए गए हैं
वर्कशॉपवर्कशॉप श्रेणी के तहत 470 पदों पर भर्ती होगी
कैरेज एंड वैगनइस विभाग में 450 रिक्तियां भरी जाएंगी

कब जारी होगी अधिसूचना?

रेल मंत्रालय ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), बेंगलुरु के अध्यक्ष के साथ विचार-विमर्श करने के बाद इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए एक समय-सीमा तय की है। तय शेड्यूल के अनुसार, नोडल आरआरबी द्वारा 21 जुलाई 2026 को इस भर्ती के लिए केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आपको बता दें कि इससे पहले भी मंत्रालय की मंजूरी के बाद 6,565 तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई थी, जिसमें सिग्नल तकनीशियन ग्रेड-1 और ग्रेड-3 के पद शामिल थे।

कर्मचारी संघों ने जताई खुशी

रेलवे के कई प्रमुख कर्मचारी संघों ने संरक्षा जैसी बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण श्रेणी में खाली पदों को भरने के इस निर्णय का स्वागत किया है। यूनियनों का मानना है कि नए तकनीकी कर्मचारियों के आने से ट्रेनों के संचालन में कार्य कुशलता बढ़ेगी और रात-दिन काम कर रहे मौजूदा कर्मचारियों पर से अत्यधिक काम का बोझ भी कम होगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article