PM Internship Scheme: देश में युवाओं के बीच प्रैक्टिकल स्किल्स को बढ़ावा देने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत विभिन्न प्रकार की इंटर्नशिप प्रदान की जाती है। बता दें कि भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (Ministry of Corporate Affairs) द्वारा पीएम इंटर्नशिप योजना का संचालन किया जाता है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की टॉप 500 कंपनियों में 12 महीने का वास्तविक कार्य अनुभव दिलाना है। आइए आपको इस इंटर्नशिप की एलिजिबिलिटी और अन्य आवश्यक जानकारी दें।
PM Internship Scheme (Photo - AI)
इंटर्नशिप में मिलता है स्टाइपेंड
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि युवाओं को काम सीखने के साथ-साथ वित्तीय सुरक्षा भी प्रदान की जाती है। इंटर्नशिप के लिए चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 9,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाता है। इंटर्नशिप की शुरुआत में 6,000 रुपये की एकमुश्त (One-time) वित्तीय सहायता अलग से मिलती है। इतना ही नहीं, स्टाइपेंड के साथ सरकार द्वारा चयनित उम्मीदवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' और 'सुरक्षा बीमा योजना' के तहत मुफ्त इंश्योरेंस कवर भी दिया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - RRB NTPC Graduate CBT II Answer Key 2026: एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल सीबीटी 2 परीक्षा की आंसर की जारी, ऐसे दर्ज करें आपत्ति
क्या है इस योजना की योग्यता
- आवेदक की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह बेरोजगार होना चाहिए।
- उम्मीदवार 10वीं, 12वीं पास हो या उसके पास आईटीआई (ITI), पॉलिटेक्निक डिप्लोमा अथवा कोई अन्य सर्टिफिकेट कोर्स हो।
- बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए जैसी किसी भी स्ट्रीम से ग्रेजुएट युवा भी इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- आवेदक के परिवार की कुल वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
कौन इस योजना का पात्र नहीं है?
यदि आवेदक के परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी नौकरी में है, तो वह इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं। इसके अलावा, आईआईटी (IIT), आईआईएम (IIM), एनएलयू (NLU) जैसे प्रीमियम संस्थानों के छात्र और सीए (CA), सीएस (CS), एमबीबीएस (MBBS) व पीएचडी (PhD) कर चुके या कर रहे उम्मीदवार भी इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।
आवेदन करने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
स्टेप 1 - सबसे पहले ऑफिशियल पीएम इंटर्नशिप पोर्टल pminternship.mca.gov.in पर विजिट करें।
स्टेप 2 - होमपेज पर 'Registration' लिंक पर क्लिक करें और अपने मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी (OTP) के जरिए इसे वेरिफाई करें।
स्टेप 3 - लॉगिन करने के बाद अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और स्किल्स का विवरण भरें।
स्टेप 4 - आपकी जानकारी के आधार पर पोर्टल खुद से एक डिजिटल रिज्यूमे तैयार कर देगा।
स्टेप 5 - अब 'Explore Internship' सेक्शन में जाएं। अपनी पसंद के सेक्टर्स (जैसे- आईटी, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग) और पसंदीदा लोकेशन का चयन करें।
स्टेप 6 - अपनी प्रोफाइल के आधार पर दिखने वाली कंपनियों की लिस्ट में से अपनी पसंद के अनुसार अधिकतम 3 इंटर्नशिप अवसरों के लिए अप्लाई करें और फॉर्म फाइनल सबमिट कर दें।
उम्मीदवारों को बता दें कि यदि किसी कारणवश किसी इंटर्नशिप के लिए आपका चयन पहली बार में नहीं होता है, तो परेशान न होइए और अन्य इंटर्नशिप के लिए आवेदन करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - CBSE Three Language Rule: तीसरी भाषा में फेल होने पर क्या 10वीं पास का सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा? जानें क्या कहता है बोर्ड का नियम
क्या है आवेदन की अंतिम तिथि
उम्मीदवारों को बता दें कि हर इंटर्नशिप प्रोग्राम की अंतिम तिथि अलग-अलग है। पीएम इंटर्नशिप योजना में एक नहीं बल्कि कई इंटर्नशिप प्रोग्राम शामिल है, जिनके लिए उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह है कि वह पोर्टल पर अपनी इंटर्नशिप की डेट और डिटेल्स दोनों चेक करें और फिर आवेदन करें।
