NIT Jamshedpur BTech Admission: इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए जरूरी नहीं कि सिर्फ IIT में ही दाखिला लिया जाए। देश के कई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी NIT भी शानदार प्लेसमेंट के लिए जाने जाते हैं। झारखंड के जमशेदपुर स्थित NIT जमशेदपुर ने 2025 के प्लेसमेंट आंकड़ों में खास उपलब्धि हासिल की। यहां बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के एक छात्र को सालाना 1.44 करोड़ रुपये का अधिकतम पैकेज ऑफर किया गया।
एनआईटी जमशेदपुर
CSE में औसत पैकेज 25 लाख रुपये से ज्यादा
संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग यानी CSE का औसत पैकेज 25.11 लाख रुपये सालाना रहा। इस ब्रांच में 95.69 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला। वहीं, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में भी अधिकतम पैकेज 1.44 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
NIT जमशेदपुर में कैसे मिलता है एडमिशन?
NIT जमशेदपुर के बीटेक प्रोग्राम में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को 12वीं या समकक्ष परीक्षा पास करने के साथ JEE Main में शामिल होना होता है। इसके बाद रैंक, कैटेगरी, सीटों की उपलब्धता और उम्मीदवार की पसंद के आधार पर JoSAA काउंसलिंग के जरिए सीट आवंटित की जाती है। यदि सीटें खाली रहती हैं, तो संबंधित नियमों के अनुसार CSAB काउंसलिंग का विकल्प भी उपलब्ध हो सकता है।
पैकेज ने बनाया रिकॉर्ड
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में अधिकतम पैकेज 60 लाख रुपये और औसत पैकेज 19 लाख रुपये रहा। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में प्लेसमेंट प्रतिशत 99.06 रहा, जबकि सिविल इंजीनियरिंग में यह 91.2 प्रतिशत दर्ज किया गया। संस्थान का कुल प्लेसमेंट रेट 94.72 प्रतिशत और औसत पैकेज 13.62 लाख रुपये रहा। ये आंकड़े 2025 के हैं।
बता दें कि एनआईटी जमशेदपुर में कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, मैकेनिकल, सिविल, मेटलर्जिकल एंड मैटेरियल्स तथा प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग जैसे बीटेक प्रोग्राम उपलब्ध हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग एंड कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स की पढ़ाई भी कराई जाती है।
