NEET PG परीक्षा में बिजली गुल होने की जांच, NBEMS ने बनाई 3 सदस्यीय कमेटी

NEET PG 2026: जयपुर में सीतापुर परीक्षा केंद्र पर नीट पीजी परीक्षा के दौरान बिजली की समस्या आने से एग्जाम पूरा नहीं हो सका। इस मामले की जांच के लिए NBEMS ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।

NEET PG 2026: जयपुर के iON Digital Zone iDZ, सीतापुरा परीक्षा केंद्र पर NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान बिजली की समस्या के चलते एग्जाम संपन्न नहीं हो पाए। इस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने आए छात्रों में बिजली गुल होने के कारण हंगामा मच गया। इसके बाद NBEMS ने तकनीकी कारणों के कारण परीक्षा नहीं दे पाए छात्रों के लिए दोबारा से परीक्षा कराने का फैसला लेते हुए रि-एग्जाम 5 सितंबर को आयोजित करने की जानकारी दी। अब इस मामले की जांच के लिए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। NBEMS सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा केंद्र की आंतरिक बिजली आपूर्ति में आई खराबी के कारण परीक्षा बाधित हुई। इससे सीतापुरा के दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी प्रभावित हुए।

NEET PG 2026

NEET PG 2026 (Photo - AI)

गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में होगी मामले की जांच

जांच कमेटी की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ द्वारा की जाएगी। कमेटी में राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारी शामिल होंगे। कमेटी का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति क्यों बाधित हुई, इसके पीछे क्या वजह थी और किन परिस्थितियों में परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। कमेटी तय समयसीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

End of Feed