एजुकेशन

School Closed: कश्मीर में गर्मी, हिमाचल में भारी बारिश का प्रकोप, जानें कब से खुलेंगे स्कूल

School Closed News: कश्मीर में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। पहले यहां के स्कूल 19 जुलाई तक बंद किए जाने की घोषणा हुई थी लेकिन अब 22 जुलाई तक स्कूल बंद रहेंगे।

Image

School Closed (Image - chatgpt)

School Closed News: देश के कई हिस्सों में भयंकर गर्मी का असर बना हुआ है। ये मौसम स्कूली बच्चों को ज्यादा प्रभावित कर रहा है। जम्मू-कश्मीर में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और रेड अलर्ट के चलते कई जिलों के स्कूल और कॉलेज अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया गया है। जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा मौसम को देखते हुए कश्मीर डिवीजन और जम्मू डिवीजन के विंटर जोन में आने वाले सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल अब 22 जुलाई 2026 तक बंद रहेंगे।

बता दें, पहले यहां 19 जुलाई तक स्कूल बंद रहने के निर्देश थे। उन्होंने कहा कि छात्र 23 जुलाई 2026 से अपने नियमित समय के अनुसार स्कूल आ सकेंगे। अगर किसी छात्र या अभिभावक को स्कूल खुलने या अन्य व्यवस्था से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए, तो वे सीधे अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।

6 जुलाई को आई थी स्कूल बंद की खबर

सरकार ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए 6 जुलाई से गर्मी की छुट्टियां घोषित की थीं। शुरुआत में स्कूलों को 20 जुलाई से खोलने की योजना थी, लेकिन लगातार बढ़ते तापमान और मौसम की स्थिति को देखते हुए छुट्टियां चार दिन और बढ़ाने का फैसला लिया गया।

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी स्कूल बंद

दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भी कई जिलों में एहतियातन शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यहां भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा रेड अलर्ट जारी किया गया है। आज 21 जुलाई, 2026 को हिमाचल प्रदेश के ज्यादा जोखिम वाले जिलों में सभी सरकारी और प्राइवेट शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। यह एहतियाती कदम मॉनसून में बहुत भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए उठाया गया है, जिनसे लोगों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।

परीक्षाएं हुईं स्थगित

खराब मौसम को देखते हुए संबंधित जिलों में आज 21 जुलाई तक आयोजित होने वाली परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इन दिनों शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी नियमित ड्यूटी पर नहीं आएंगे। हालांकि, यदि आपदा प्रबंधन या किसी आपात स्थिति में जरूरत पड़ी, तो जिला प्रशासन उनकी सेवाएं ले सकता है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को सलाह दी गई है कि वे स्कूलों और संबंधित प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article