Jharkhand Excise Constable 2023 Paper Leak: झारखंड एक्साइज कांस्टेबल प्रतियोगी परीक्षा (जेईसीसी) 2023 में शामिल होने वाले कुल 159 उम्मीदवारों और पांच अन्य लोगों को कल पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया गया। पांचों मुख्य आरोपी प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं में लिप्त एक गिरोह के सदस्य हैं। एएनआई के मुताबिक रांची पुलिस को दिनांक 11.04.2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नामक थाना क्षेत्र के एक अधनिर्मित भवन में 150 से अधिक जे.एस.एस.सी. अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा है जिनकी गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो रही है। प्राप्त सूचना के आलोक में विशेष छापामारी दल का गठन करते हुए दिनांक 11.04.26 को देर रात छापामारी की गई।
Jharkhand Excise Constable 2023 Paper Leak
150 से अधिक व्यक्ति गिरफ्तार
छापामारी में पाया गया कि उक्त अधनिर्मित भवन के बाहर गाड़ियों का जमावड़ा लगा था और भवन के पास जैसे ही छापामारी दल पहुंचा, तो वहां उपस्थित करीब 150 से अधिक व्यक्ति इधर-उधर भागने लगे तथा अपने सामग्रियों को फेंकने तथा छिपाने लगे। इनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए छापामारी दल के द्वारा सूझ-बूझ के साथ उपस्थित लोगों को उक्त अधनिर्मित भवन के दो कमरों में सीमित करते हुए तलाशी एवं अभिग्रहण की कार्रवाई की गई।
जांच में पाई गई ये चीजें
बता दें प्राथमिक जांच व पूछताछ में पाया गया था कि इस स्थान पर 164 व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें अन्तर्राजीय सॉल्वर/पेपर लीक गैंग के 05 व्यक्ति तथा 159 जे.एस.एस.सी. झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा – 2023 के अभ्यर्थी (07 महिला अभ्यर्थी सहित) शामिल थे। यहां पर प्रिन्टर, प्रश्न उत्तर के तैयार किये गये सेट, फटे हुए एडमिट कार्ड, संदिग्ध मोबाइल फोन एवं बैंक चेक पाये गये। पेपर लीक गैंग के उपस्थित सदस्यों के द्वारा इन अभ्यर्थियों को उक्त प्रश्नोत्तर सेट को रटाये जा रहे थे।
10 से 15 लाख रुपये का घूस
जांच में पाया गया कि इस गैंग के अलग अलग एजेंटों के द्वारा इन अभ्यर्थियों को 10 से 15 लाख प्रति अभ्यर्थी की दर से परीक्षा पास कराने हेतु प्रश्न एवं इनके उत्तर उपलब्ध कराने/याद कराने हेतु उक्त स्थल पर लाये गये थे। जांच के क्रम में यह तथ्य भी सामने आया कि अभ्यर्थियों द्वारा पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन, एडमिट कार्ड आदि गैंग के हवाले कर दिया गया था और कुछ अभ्यर्थियों के द्वारा बैंक चेक भी गैंग के सदस्यों के नाम दे दिया गया था।
