एजुकेशन

GATE स्कोर की वैधता कितने साल की होती है? जानें एक परीक्षा के बाद कब तक रहता है एडमिशन का मौका

GATE परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। लेकिन इस दौरान छात्रों के मन में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि गेट परीक्षा का स्कोर कब तक वैलिड रहता है।

Image

GATE स्कोर की वैधता कितने साल की होती है (Photo - AI)

इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा यानी मास्टर प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए GATE (Graduate Aptitude Test in Engineering) एक अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। हर साल लाखों छात्र इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शामिल होते हैं। इस परीक्षा पास करने के बाद अधिकांश छात्रों के मन में सबसे पहला सवाल यही रहता है कि उनका यह गेट स्कोर कितने समय तक मान्य रहेगा और एक बार परीक्षा पास करने के बाद वे कब तक एडमिशन या नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। गेट स्कोर कार्ड से जुड़े कई कड़े और स्पष्ट नियम हैं, जिनके बारे में हर छात्र को समझना जरूरी है।

GATE स्कोर की वैधता

आयोजक संस्था और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नियमों के अनुसार, GATE स्कोर कार्ड जारी होने की तिथि से 3 वर्ष के लिए वैलिड रहता है। जिस तारीख को गेट का आधिकारिक परिणाम और स्कोर कार्ड घोषित किया जाता है, उसी दिन से 3 साल की समय-सीमा की गणना की जाती है। आसान भाषा में बताएं तो इसका मतलब यह है कि यदि आपने किसी वर्ष GATE परीक्षा पास की है, तो आप उस स्कोर कार्ड का उपयोग करके लगातार तीन एकेडमिक सेशन तक M.Tech, M.E. या Ph.D. कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।

मास्टर डिग्री और पीएचडी एडमिशन के लिए नियम

IITs, NITs, IIITs और अन्य केंद्रीय व राज्य विश्वविद्यालयों में पोस्ट-ग्रेजुएशन कोर्स में एडमिशन के लिए 3 साल की वैधता का यह नियम पूरी तरह लागू होता है। बता दें कि IITs में एडमिशन के लिए COAP और NITs/IIITs के लिए CCMT के माध्यम से काउंसलिंग आयोजित की जाती है। इन काउंसलिंग प्रक्रियाओं में छात्र अपने पिछले तीन वर्षों में से किसी भी एक वर्ष के GATE स्कोर कार्ड (जो भी सबसे बेहतर हो) का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही आपको बता दें कि एम.टेक या पीएचडी के दौरान MHRD/शिक्षा मंत्रालय द्वारा मिलने वाली मंथली स्टाइपेंड भी इस 3 साल के वैध गेट स्कोर के आधार पर प्राप्त की जा सकती है।

PSU नौकरियों के लिए क्या हैं नियम?

बता दें कि मास्टर में प्रवेश के लिए गेट स्कोर 3 साल तक मान्य रहता है, लेकिन PSUs में भर्ती के नियम अलग है। अधिकांश प्रमुख पीएसयू (जैसे IOCL, NTPC, ONGC, HPCL, BHEL आदि कंपनियों में केवल वर्तमान वर्ष के GATE स्कोर को ही भर्ती प्रक्रिया के लिए स्वीकार करते हैं। बहुत कम कंपनियां हैं, जो पिछले वर्ष के गेट स्कोर पर विचार करती हैं। इसलिए, यदि आपका मुख्य लक्ष्य पीएसयू में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर या ट्रेनी के रूप में नौकरी पाना है, तो आपको नवीनतम परीक्षा वर्ष के गेट स्कोर का ही उपयोग करना होगा।

GATE परीक्षा में दोबारा शामिल होने के नियम

गेट परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रयासों की कोई सीमा नहीं है। कोई भी उम्मीदवार जितनी बार चाहे उतनी बार परीक्षा दे सकता है। यदि आपने लगातार दो या तीन साल गेट परीक्षा दी है, तो उच्च शिक्षा में एडमिशन के लिए आप उस वर्ष का स्कोर चुन सकते हैं जिसमें आपके सबसे अधिक अंक या सबसे अच्छी रैंक आई हो। बता दें कि न केवल अट्मप्त ही नहीं इस परीक्षा में शामिल होने के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा भी निर्धारित नहीं की गई है। किसी भी उम्र का उम्मीदवार परीक्षा के लिए आवेदन कर सकता है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article